फारुक ने कहा, उमर होंगे सीएम   
 
 
Dec 29, 5:22 pm   

श्रीनगर। सारे भ्रम को दूर करते हुए नेशनल कांफ्रेंस के संरक्षक फारुक अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि वह उमर अब्दुल्ला को जम्मू कश्मीर का नया मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पार्टी को अनुशंसा करेंगे।

उमर की मौजूदगी में फारुक ने कहा कि अब समय आ गया है। मैं अपनी पार्टी को सिफारिश करूंगा कि वह मुख्यमंत्री के पद के लिए उमर अब्दुल्ला के नाम पर विचार करे। मैंने इस मुद्दे पर रात में सोचा।

72 वर्षीय फारुक ने कहा कि अब राज्य का मुख्यमं त्री एक युवा नेता को होना चाहिए क्योंकि अनेक काम किए जाने बाकी हैं। उनके इस बयान का इसलिए महत्व है क्योंकि उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री बनना चाहेंगे। इसने काफी भ्रम पैदा कर दिया था।

38 वर्षीय उमर ने अपनी तरफ से कहा कि उनके पिता उनका मार्गदर्शन करेंगे। उमर ने कहा कि कांग्रेस के साथ अनौपचारिक संपर्क कायम हुआ है और अब वह दिल्ली जाएंगे और सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के नेताओं से मदद मांगेंगे।

अपने पिता के आवास से बाहर निकलते हुए उमर ने कहा कि फैसला किया गया है कि नेशनल कांफ्रेंस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए मेरा नाम आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नेशनल कांफ्रेंस का फैसला होगा। इसका नए सहयोगी दल से भी अनुमोदन होना चाहिए।

उमर ने कहा कि औपचारिक तौर पर [कांग्रेस के साथ] गठबंधन बनाने के लिए कोई बातचीत नहीं हुई है क्योंकि परिणाम कल ही आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से बातचीत करने और उनका समर्थन मांगने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

फारुक ने कहा कि वह हालात पर नजर रख रहे हैं और उन्होंने महसूस किया कि राज्य को एक युवा मुख्यमंत्री चाहिए। फारुक ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

फारुक ने कहा कि हमने कुछ आधार खो दिया है। पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की जरूरत है। मैं पार्टी और पार्टी के कार्यो के लिए और वक्त दूंगा।

उमर ने कहा कि उनके पिता फांक औपचारिक तौर पर गठबंधन बनाने के लिए सोमवार को दिल्ली जाएंगे। नेशनल कांफ्रेंस ने 87 सदस्यीय जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में 28 सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत हासिल की है।

उमर ने कहा कि अगर मौसम ने साथ दिया तो फारुक साहब गठबंधन बनाने के लिए औपचारिक तौर पर बातचीत के लिए दिल्ली जाएंगे। सरकार गठन के बारे में अगली रणनीति के संबंध में पूछे जाने पर उमर ने कहा कि सभी पार्टियां अब बैठेंगी और अपनी रणनीति पर फैसला करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसा तभी किया जा सकता है जब हमने अपने गठबंधन के सहयोगी दल को तय कर लिया हो।

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
 
फोटो गैलरी