हैदराबाद। मौजूदा चैंपियंस लीग टी 20 टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखने वाली त्रिनिदाद और टोबेगो की टीम ने भले ही एक भी मैच गंवाए बिना फाइनल में प्रवेश किया हो लेकिन कप्तान डेरेन गंगा ने कहा कि वह सिर्फ इससे संतोष करने वाले नहीं हैं।
वेस्टइंडीज की इस टीम ने बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की केप कोबराज को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना आस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स ब्लूज से होगा। गंगा ने नाबाद 44 रन की पारी खेलने के अलावा ड्वेन ब्रावो [नाबाद 58] के साथ नाबाद 93 रन जोड़कर टीम की जीत की नींव रखी। गंगा ने कहा, मैं फाइनल में पहुंचकर काफी खुश हूं। लेकिन हम सिर्फ सेमीफाइनल जीतकर संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। हमने अपने लिए लक्ष्य तय कर लिए हैं। हमने पांच जीत दर्ज की हैं और शुक्रवार को फाइनल है और अगर हम छठी जीत दर्ज करते हैं तो टीम के खिलाड़ी जश्न मना सकते हैं।
त्रिनिदाद और टोबेगो ने 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 85 रन पर ही शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन गंगा ने कहा, हमें जीत का पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, हमें भरोसा था कि हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच जिता सकते हैं। केरोन पोलार्ड, नवीन स्टीवर्ट और दिनेश रामदीन बचे थे इसलिए हम निडर होकर बल्लेबाजी कर पाए। नाबाद 54 रन की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच बने ड्वेन ब्रावो सही समय पर फार्म में लौटकर खुश हैं। टूर्नामेंट में अब तक 10 विकेट चटकाने वाले ब्रावो ने कहा, मैंने गेंद से योगदान दिया और मुझे अपनी बल्लेबाजी क्षमता पर विश्वास था। यह लय में आने का सही समय था। मैंने रन नहीं बनाए थे इसलिए लय में आना कुछ मुश्किल था लेकिन पोलार्ड जैसे खिलाड़ी बचे थे इसलिए मैं आक्रामक होकर खेल पाया।
दूसरी तरफ कोबराज के कप्तान एंड्रयू पुटिक ने हार के लिए खराब क्षेत्ररक्षण को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, अगर हम अपने मौकों को भुना लेते तो यह मैच करीबी हो सकता था। इस तरह से बाहर होना निराशाजनक है। मुझे लगता है कि वह दबाव से हमारे मुकाबले बेहतर तरीके से निपटे।
लेख को दर्जा दें
दर्जा दें(2) वोट का औसत
Saving...
|
| निजता नीति | | | सेवा की शर्तें | | | आपके सुझाव |
| इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है |
| कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित |
| कॉपीराइट / IP नीति |