अजेय टीएंडटी को हरा चैंपियन बना एनएसडब्ल्यू   

हैदराबाद। अति आत्मविश्वास टूर्नामेंट में एकमात्र अजेय त्रिनिदाद और टोबेगो को चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 के खिताबी मुकाबले में ले डूबा। वहीं ब्रेट ली के बल्ले और गेंद दोनों में दिखाए दमखम की बदौलत आस्ट्रेलियाई टीम न्यू साउथ वेल्स ब्लूज [एनएसडब्ल्यू] ने कैरेबियाई टीम को 41 रन से हराकर दूसरे दौर में मिली हार का बदला लेते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया।

ली ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन हरफनमौला खेल दिखाते हुए 31 गेंद में एक चौके और पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से 48 रन की पारी खेलने के अलावा 10 रन देकर दो विकेट भी चटकाए। एनएसडब्ल्यू ने ली और स्टीवन स्मिथ [33] की उपयोगी पारियों की मदद से नौ विकेट पर 159 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में त्रिनिदाद और टोबैगो [टीएंडटी] की टीम नियमित अंतरराल पर विकेट गंवाने के कारण 15.5 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। टीएंडटी की ओर से केरोन पोलार्ड ने 15 गेंद में तीन छक्कों की मदद से सर्वाधिक 26 रन बनाए लेकिन उसके बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। एनएसडब्ल्यू की ओर से ली के अलावा स्टुअर्ट क्लार्क ने 21 रन देकर तीन जबकि स्टीवन स्मिथ और नाथन हाउरित्ज ने दो-दो विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीएंडटी की शुरुआत काफी खराब रही और उसने 21 रन के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए। बल्ले से जलवा दिखाने वाले ली ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए पारी की दूसरी ही गेंद पर विलियम पर्किस [0] को बोल्ड कर दिया। सलामी बल्लेबाज एड्रियन बराथ [14] ने स्टीवन स्मिथ का स्वागत पहली तीन गेंद पर दो चौकों और लांग आन के ऊपर से छक्का के साथ किया लेकिन इस तेज गेंदबाज ने अंतिम गेंद पर बराथ को विकेट के पीछे डी स्मिथ के हाथों कैच कराकर बदला चुकता कर लिया।

ली ने तीसरे ओवर में लेंडल सिमंस [4] का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर विरोधी टीम को तीसरा झटका दिया। सेमीफाइनल में केप कोबराज पर टीम की जीत के नायक ड्वेन ब्रावो ने क्रीज पर उतरते ही ली पर सीधा चौका जड़कर सकारात्मक शुरुआत की। ब्रावो ने डग बोलिंगर पर लांग आन के ऊपर से छक्का जड़ने के बाद क्लार्क की गेंद भी चार रन के लिए भेजी। ब्रावो हालांकि अगले ओवर में बोलिंगर की गेंद को अपने विकेटों पर खेलकर पवेलियन लौट गए। कप्तान डेरेन गंगा ने इसके बाद दिनेश रामदीन [16] के साथ सतर्कता से खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया लेकिन दोनों बल्लेबाज बड़े शाट खेलने में विफल रहे। गंगा ने 20 गेंद में 19 रन बनाए।

पोलार्ड ने इसके बाद मोर्च से अगुवाई करते हुए अपनी टीम की उम्मीदों को जीवंत रखा लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। पोलार्ड ने 15वें ओवर में हाउरित्ज पर दो छक्के जड़े लेकिन ओवर की अंतिम गेंद पर ली ने लांग आन पर उनका बेहतरीन कैच लेकर टीएंडटी की रही सही उम्मीद भी तोड़ दी। क्लार्क ने अगले ओवर में लगातार गेंदों पर नवीन स्टीवर्ट [4] और डेव मोहम्मद [1] को आउट करके अपनी टीम को चैंपियन बनाया।

इससे पहले गंगा ने एनएसडब्ल्यू को बल्लेबाजी का न्यौता दिया जिसे तेज गेंदबाज रवि रामपाल ने तीसरे ओवर में ही फिलिप ह्यूज [3] को बोल्ड करके सही साबित किया। सलामी बल्लेबाजी वार्नर [19] भी ब्रावो की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर डेव मोहम्मद को कैच थमा बैठे। वार्नर ने 16 गेंद की अपनी पारी में चार चौके जड़े। कप्तान साइमन काटिच [16] ने ब्रावो पर मिड आन और डीप फाइन लेग के ऊपर से छह रन बटोरे लेकिन इस गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में काटिच की पारी को थाम दिया। टीम ने तीन गेंद बाद मोइसेस हेनरिक्विस [4] का भी विकेट गंवा दिया जो पोलार्ड का शिकार बने। बेन रोहरर [16] ने इसके बाद एस स्मिथ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। रोहरर ने ब्रावो की गेंद पर छक्का जड़ने के बाद पोलार्ड की गेंद भी चार रन के लिए भेजी जबकि स्मिथ ने भी पोलार्ड पर लगातार दो चौके जड़े।

स्पिनर मोहम्मद ने हालांकि अगले ओवर में रोहरर को पवेलियन भेज दिया जबकि डी स्मिथ [3] रामपाल की सीधी गेंद पर बोल्ड हो गए। एनएसडब्ल्यू इस समय 83 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी। स्मिथ और ली ने यहीं से सातवें विकेट के लिए 6.1 ओवर में 49 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ली ने 16वें ओवर में सिमंस को निशाना बनाते हुए दो छक्कों के अलावा एक्सट्रा कवर से भी गेंद चार रन के लिए भेजी। ली ने अगले ओवर में स्टीवर्ट पर भी छक्का जड़ा। स्मिथ शेरविन गंगा की गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में हवा में खेल गए और सिमंस ने बेहतरीन कैच लपका। ली ने पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले रामपाल पर लांग के ऊपर से छक्का जड़ा। एनएसडब्ल्यू ने अंतिम पांच ओवर में 56 रन जोड़े।

स्कोर बोर्ड

न्यू साउथ वेल्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 159 रन

वार्नर का मोहम्मद बो ब्रावो 19 

ह्यूज बो रामपाल 3 

काटिच का बराथ बो ब्रावो 16 

हेनरीक्विस का एस गंगा बो पोलार्ड 4 

रोहरर का एस गंगा बो मोहम्मद 16 

स्टीवन स्मिथ का सिमंस बो एस गंगा 33 

डेनिएल स्मिथ बो रामपाल 3 

ली का पर्किस बो रामपाल 48 

हाउरित्ज रन आउट 10 

एस क्लार्क नाबाद 0

अतिरिक्त: 7

विकेट पतन: 1-24, 2-32, 3-45, 4-47, 5-75, 6-83, 7-132, 8-159, 9-159। 

गेंदबाजी

एस गंगा 4-0-29-1 

रामपाल 4-0-20-3 

ड्वेन ब्रावो 3-0-27-2 

पोलार्ड 3-0-27-1 

मोहम्मद 3-0-19-1 

सिमंस 2-0-23-0 

स्टीवर्ट 1-0-9-0 

त्रिनिदाद और टोबेगो 15.4 ओवर में 118 रन पर आल आउट

पर्किस बो ली 0

बराथ का डी स्मिथ बो एस स्मिथ 14 

सिमंस का एंड बो ली 4 

डेरेन गंगा का वार्नर बो एस स्मिथ 19 

ब्रावो बो बोलिंगर 17 

रामदीन का एस स्मिथ बो क्लार्क 16 

पोलार्ड का ली बो हाउरित्ज 26 

एस गंगा का हेनरीक्विस बो हाउरित्ज 5 

स्टीवर्ट का हेनरीक्विस बो क्लार्क 4 

मोहम्मद का ह्यूज बो क्लार्क 1 

रामपाल नाबाद 0

अतिरिक्त: 12 

विकेट पतन: 1-1, 2-21, 3-21, 4-45, 5-68, 6-93, 7-107, 8-113, 9-118, 10-118। 

गेंदबाजी

ली 2-0-10-2 

एस स्मिथ 4-0-32-2 

बोलिंगर 4-0-27-1 

एस क्लार्क 3.5-0-21-3 

हाउरित्ज 2-0-23-2 

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(7) वोट का औसत

average:3.857144
Saving...