नजदीकी मुकाबलों में ही है टी-20 का रोमांच   
 
 

(सुनील गावस्कर की विशेष रिपोर्ट)

न्यू साउथ वेल्स ने जिस तरह से पहले चैंपियंस लीग टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया, उन्हें ट्राफी जीतने का प्रबल दावेदार माना जा सकता है। यह सच है कि केप कोबराज और त्रिनिदाद और टोबेगो के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल से पहले यह लिखा जा रहा है। इसलिए फाइनल में दूसरी टीम कौन सी होगी इसे जाने बिना प्रीव्यू लिखना बहुत ही मुश्किल है।

अगर दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम अपने मूमेंटम को फाइनल में भी बनाए रखने में सफल रहती है तो यह संभवत: टी-20 का बेस्ट मुकाबला होगा। वैसे भी टी-20 का रोमांच नजदीकी मुकाबलों में ही है, बड़ी हार या जीत में नहीं। ऐसा उसी स्थिति में होता है जब पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम हर गेंद को बाहर कार पार्क में मारने की कोशिश करती है और अपना रास्ता भटक जाती है। परिणामस्वरूप वह मामूली से स्कोर पर आउट हो जाती है। ऐसा ही कुछ पिछले साल आस्ट्रेलिया में भारतीय टीम के साथ हुआ था। उस स्थिति में भी मुकाबला एकतरफा हो सकता है। जब बाद में बैटिंग करने वाली टीम बड़े लक्ष्य को देखते हुए मानसिक रूप से हार मान ले।

विक्टोरिया बुशरेंजर्स के साथ ऐसा ही हुआ जिसने बोर्ड पर एक भी रन आने से पहले ही दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लगा जैसे उन्होंने हार मान ली है और वे कभी भी लक्ष्य पाते नजर नहीं आए। मध्य ओवरों में उनकी एप्रोच निराशाजनक थी। किसी भी आस्ट्रेलियाई टीम से इस तरह की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनके पास भी कुछ अनुभवी खिलाड़ी थे। जिन्हें दिखाई दे रहा था कि कोटला के विकेट पर पिछले मैचों से ज्यादा उछाल थी। उन्होंने यह भी देखा कि ब्लूज के बल्लेबाजों ने किस तरह से साइटस्क्रीन को टारगेट किया बनिस्पत साइड बाउंड्री के। इन अनुभवी बल्लेबाजों को भी कुछ ऐसा ही करना चाहिए था।

एनएसडब्ल्यू ब्लूज वाकई अच्छे गेम प्लान के साथ खेले। यह दिखाता है कि आस्ट्रेलियाई क्रिकेट में इतने लंबे समय से उनका दबदबा क्यों है। उनकी बैटिंग लाइन-अप काफी स्ट्रांग है। टाप आर्डर में उनके पास विस्फोटक वार्नर है। फिर बाद में भी उनके पास अच्छे बल्लेबाज हैं। शुरुआत में कुछ विकेट निकल भी जाएं तो भी वे वापसी कर विपक्षी के सामने अच्छी चुनौती पेश करने का माद्दा रखते हैं। उनकी गेंदबाजी में भी विविधता है। और फिर साइमन काटिच अपने हथियारों को बखूबी इस्तेमाल करना जानते हैं।

[पीएमजी]

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:4
Saving...