
सैन फ्रांसिस्को। 'प्रत्येक छात्र को लैपटॉप' [ओएलपीसी] परियोजना के तहत विकासशील देशों में कम कीमत के लैपटॉप में 'विंडोज एक्सपी इंस्टाल' की जाएगी।
इस ऑपरेटिंग सिस्टम को लाइनेक्स आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम के विकल्प के रूप में इंस्टॉल किया जाएगा। कई विकासशील देश लाइनेक्स ऑपरेटिंग सिस्टम को खरीदने से हिचक रहे है। माइक्रोसॉफ्ट इसके लिए प्रत्येक इंस्टालेशन पर तीन डॉलर लेगी। वहीं, दूसरी ओर लैपटाप के हार्डवेयर में बदलाव और मेमोरी को बढ़ाने के लिए वह अलग से बीस डॉलर लेगी।
गौरतलब है कि प्रारंभ में इस लैपटाप का मूल्य एक सौ डॉलर रखा गया था, लेकिन अब इसका मूल्य 180 डॉलर कर दिया गया है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लैपटाप की बिक्री को लेकर दिक्कतें आ रही है। इस परियोजना के तहत अभी तक केवल छह लाख लैपटाप की बिक्री पेरु, उरुग्वे और मैक्सिको में हो पाई है। माना जा रहा है कि माइक्रोसॉप्ट की इस पेशकश से लैपटाप की बिक्री में बढ़ोतरी हो सकती है।