
नई दिल्ली। ग्लोबल तेजी के बीच स्टाकिस्टों की लगातार लिवाली के चलते स्थानीय सराफा बाजार में शनिवार को भी सोने-चांदी में तेजी का दौर जारी रहा। वायदा कारोबार में तेजी के रुख से सोने के भाव 180 रुपये की बढ़त के साथ 12 हजार 490 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुए। चांदी के दाम भी 150 रुपये बढ़कर 23 हजार 750 रुपये प्रति किलो बंद हुए।
यूरो की तुलना में डालर कमजोर पड़ने से अमेरिका में सोने के भाव 40 डालर चढ़कर 898 डालर प्रति औंस बंद हुए। इसका सीधा असर घरेलू बाजार धारणा पर पड़ा। इससे सोना आभूषण की कीमत 180 रुपये की तेजी के साथ 12 हजार 340 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। गिन्नी के भाव 25 रुपये चढ़कर 9 हजार 925 रुपये प्रति आठ ग्राम बंद हुए। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 205 रुपये की तेजी के साथ 23 हजार 550 रुपये प्रति किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव पूर्वस्तर 26 हजार 700-26 हजार 800 रुपये प्रति सैकड़ा बंद हुए।