समाचार

एमटीएनएल भी प्राइस वार में कूदी

May 17, 07:31 pm
  Print

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड [एमटीएनएल] ने एसटीडी दरों में भारी कटौती किए जाने की घोषणा की है। एमटीएनएल की नई दरें रविवार से प्रभावी होगी। इसके तहत एसटीडी की दर वर्तमान पौने दो रुपये की तुलना में एक रुपये पच्चीस पैसे प्रति मिनट होगी।

उपक्रम के अध्यक्ष प्रबंध निदेशक आरएसपी सिन्हा ने शनिवार को विश्व दूरसंचार दिवस पर कहा कि जीएसएम मोबाइल डॉलफिन और ट्रंप पर एसटीडी दरों को घटाया गया है। उन्होंने बताया कि घटी हुई दरें एमटीएनएल की सीडीएमए सेवा गरुड़ मोबाइल पर भी लागू होगी।

सिन्हा ने बताया कि नई दरें कंपनी के लाइफ टाइम प्री-प्रेड और पोस्ट-पेड योजनाओं समेत सभी ट्रैफिक प्लानों पर लागू होंगी। उन्होंने बताया कि लैंड लाइन के लिए एसटीडी की प्लस दर अब 36 सेकेंड की बजाय 60 सेकेंड की होगी।

प्लस दर बढ़ाए जाने से लैंड लाइन उपभोक्ताओं के लिए एसटीडी दरें कम से कम 80 पैसे और अधिकतम 1 रुपये 20 पैसे प्रति मिनट होगी। यह दरें ग्राहक के ट्रैफिक प्लान पर निर्भर करेंगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शहरों के लिए पल्स रेट को भी 36 सेकेंड से बढ़ाकर 60 सेकेंड किया गया है। उन्होंने बताया कि एमटीएनएल ने नई अत्याधुनिक आईपी आधारित जीएसएम प्रणाली की शुरुआत की है, इससे साढ़े सात लाख की अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी। बेहतर और विश्वसनीय सेवाएं मुहैया कराने के लिए सभी मुख्य उपकरण जैसे एसएमएस सेंटर, एचएलआर, इंटेलीजेंट नेटवर्क आदि के लिए उच्च क्षमता वाले नए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति