समाचार

सेंसेक्स की हालत फिर पतली

Jul 03, 04:55 pm
  Print

मुंबई। कच्चे तेल की आग में सेंसेक्स की खुशियां जलकर राख हो गई। कच्चे तेल के दाम रिकार्ड 146 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं। इस वजह से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में मंदी रही जिससे बंबई शेयर बाजार में हुई भारी बिकवाली से सूचकांक बृहस्पतिवार को 570.51 अंकों की गिरावट के साथ 13094.11 अंक पर बंद हुआ। एक दिन पहले यह 703 अंकों की बढ़त के साथ 13665 अंक पर बंद हुआ था। इसी प्रकार नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 167.60 अंकों की गिरावट के साथ 3925.75 अंक पर बंद हुआ। बुधवार को यह 4093.35 पर बंद हुआ था।

सत्र की शुरुआत में सेंसेक्स 13530.68 पर कमजोर खुला। बिकवाली के दबाव में यह दिन भर के कारोबार के दौरान 730 अंक टूटते हुए 12934.92 अंक तक गिरा। धातु,रीयल्टी और बैंकिंग खंड के शेयर भारी बिकवाली दबाव में रहे। दोपहर के कारोबार में आरआईएल, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई जैसे ब्लूचिप शेयरों में आंशिक सुधार की वजह से सेंसेक्स थोड़ा उबरा। कारोबार की समाप्ति पर यह 4.18 फीसदी की गिरावट के साथ 13094.11 पर बंद हुआ।

कारोबारियों के अनुसार शेयर बाजार में बुधवार को आई तेजी तात्कालिक घटना मात्र थी तथा दलाल स्ट्रीट में स्थिरता लौटने में अभी देर है। निवेशकों को शुक्रवार को आने वाले मुद्रास्फीति के ताजा आंकड़ों का इंतजार है। इसमें कोई भी वृद्धि सेंसेक्स को 12000 अंक के स्तर से नीचे ले जा सकती है। इसके अलावा अगर निकट भविष्य में कच्चे तेल की कीमतें नरम नहीं पड़ीं तो बाजार में स्थिरता नहीं लौट पाएगी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति