नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में तेजी के चलते घरेलू सराफा बाजार में आभूषण निर्माताओं की बढ़ी खरीद से सोना एक बार फिर 12 हजार के स्तर को पार कर गया। स्थानीय सराफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 70 रुपये बढ़कर 12 हजार 30 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। मांग बढ़ने से चांदी भी 180 रुपये चढ़कर 20 हजार 930 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
यूरो के मुकाबले डालर की कीमत छह महीने के उच्च स्तर से नीचे लुढ़कने और कच्चे तेल में तेजी के रुख से एशियाई बाजार में सोने की कीमतों में दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई। शादी-विवाह और त्योहारी मौसम के नजदीक होने से स्टाकिस्टों ने मौजूदा स्तरों पर सोने की लिवाली बढ़ा दी। इससे सोने में मजबूती की धारणा बनी।
सोना आभूषण का भाव 70 रुपये बढ़कर 11 हजार 880 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। गिन्नी 9 हजार 900 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर पूर्ववत रही। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 75 रुपये चढ़कर 20 हजार 275 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। चांदी सिक्का के दाम 27900-28000 रुपये प्रति सैकड़ा के स्तर पर अपरिवर्तित रहे।