
लंदन। अप्रवासी भारतीय उद्योगपति लार्ड स्वराज पाल को प्रतिष्ठित पंजाब रत्न अवार्ड दिया गया है। उन्हें यह अवार्ड व्यापार, राजनीति तथा जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
वर्ल्ड पंजाबी आर्गेनाइजेशन [यूरोप] की ओर से लार्ड नवनीत ढोलकिया ने कापारो ग्रुप के अध्यक्ष लार्ड पाल को शनिवार रात यह अवार्ड प्रदान किया। इस अवसर पर लार्ड पाल ने कहा कि वे यह अवार्ड लेते हुए अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि यह अनूठा है, अपने ही समुदाय से सम्मानित होना गर्वमय क्षण है। इससे अच्छा कुछ नहीं। उन्होंने संस्था का आभार जताया। इस अवसर पर उनकी पत्नी अरुणा पाल तथा भाई जीत पाल भी उपस्थित थे। विदेशी कारोबार के लिए ब्रिटिश राजदूत लार्ड पाल ने मौजूदा वैश्विक वित्तीय संकट के बारे में कहा कि यह अप्रत्याशित है और कोई भी इससे निपटने के बारे में नहीं जानता।