नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई इस्पात कंपनी पास्को ने भारत में अपने परिचालन में कर्मचारियों की संख्या और प्रस्तावित निवेश घटाने की संभावना से इनकार किया है।
कंपनी ने कहा कि भारत के लिए उसकी योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है और कर्मचारियों की छंटनी करने की उसकी कोई योजना नहीं है।
हाल ही में एक निजी समाचार चैनल ने कंपनी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट जारी की थी कि उड़ीसा में 1.20 करोड़ टन क्षमता का एकीकृत इस्पात संयंत्र लगा रही पास्को ने अपने वरिष्ठ स्थानीय अधिकारियों को नौकरी छोड़ने को कहा है। हालांकि पास्को-इंडिया के वरिष्ठ महाप्रबंधक विकास शरण ने कहा कि भारत के लिए हमारी योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हम भूमि अधिग्रहण एवं खान के पट्टे के लिए इंतजार कर रहे हैं और किसी कर्मचारी की छंटनी नहीं की गई है।