नई दिल्ली। सरकार द्वारा हड़ताली ट्रक ट्रांसपोर्टर्स का परमिट रद्द किए जाने की धमकी के बाद भी ट्रक टांसपोर्टर्स की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गई।
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस [एआईएमटीसी] के अध्यक्ष चरण सिंह लोहणा ने कहा कि हमने देशव्यापी हड़ताल की है और जबतक हमारी मांगे नहीं मानी जाती तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।
सोमवार को परिवहन सचिव ब्रह्मा दत्त ने धमकी दी थी अगर ट्रक ट्रांसपार्टर्स अपनी हड़ताल वापस नहीं लेते तो कानून अपना रास्ता अख्तियार करेगा और उनके ट्रकों के परमिट रद्द किए जा सकते हैं।
सरकार के बयान पर चरण सिंह लोहणा ने कहा कि अगर सरकार उनके परमिट रद्द करना शुरू करती है तो सरकार इस प्रतिक्रिया से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए जिम्मेदार होगी।
ट्रक टांसपोर्टर्स की हड़ताल आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के ऐलान पर की गई है। ट्रक ट्रांसपोर्टर्स डीजल की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी और सेवा शुल्क माफ किए जाने की मांग कर रहे हैं।
सरकार ने कल उप ठेकेदारों द्वारा गुड्स ट्रांसपोर्ट एजेंसी [जीटीए] को दी जाने वाली कुछ करयोग्य सेवाओं को सेवा कर से पूरी तरह मुक्त कर दिया। जिसमें कार्गोहैडलिंग भंडारण और वेयरहाउसिंग पैकेजिंग गतिविधि और ठोस सामानों की आपूर्ति शामिल है।
एआईएमटीसी द्वारा रविवार आधी रात से की गई हड़ताल में करीब 4000 ट्रक एसोसिएशन शामिल हैं।