वाशिंगटन। अमेरिका की बागडोर संभालने जा रहे नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि आने वाला समय असाधारण आर्थिक चुनौतियों का है और इनसे निबटने के लिए शीघ्रता बरतने की आवश्यकता है।
ओबामा 20 जनवरी को राष्ट्रपति का पद संभालेंगे। उन्होंने अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी से अपनी मुलाकात के पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि इस समय हमारे सामने असाधारण आर्थिक चुनौतियां हैं।
ओबामा अपने गृह नगर शिकागो से कल ही वाशिंगटन पहुंचे और आने के बाद संसद के किसी पदाधिकारी से उनकी यह पहली मुलाकात थी। उन्हें कहा कि वह अमेरिकी आर्थिक संकट का समाधान निकालने के सिलसिले में ही पेलोसी से मिलने जा रहे हैं। इस मुलाकात स्थल सेकुछ ही दूरी पर वह मंच बनाया जा रहा है जहां ओबामा पद की शपथ लेंगे। वह इस दृश्य को देख कर खुशी से गदगद थे। ओबामा ने कहा भी, मैं बताना चाहता हूं कि अध्यक्ष महोदया के साथ यहां बैठ कर मुझे कितनी खुशी हो रही है। हमारे पीछे शपथग्रहण समारोह का मंच तैयार किया जा रहा है, लेकिन आज हमारी इस मुलाकात की वजह यह है कि लोगों के काम धंधे को बचाने में देर नहीं की जा सकती।
पेलोसी ने पत्रकारों से कहा कि सांसदों को कल शपथ दिलाई जानी है, और उन्हें इसके साथ ही भागदौड़ शुरू करनी होगी, ताकि अमेरिकी जनता की कुछ मुसीबतों का हल निकाला जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि ओबामा यह संकेत दे ही चुके हैं कि काम चल रहा है और नए प्रशासन के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जनता के कल्याण के नए कानून पर हस्ताक्षर हो जाएंगे।
ओबामा को अभी सत्ता संभालने में दो सप्ताह का समय है। उनकी टीम ने 750 अरब डालर का एक आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज तैयार कर रखा है और वह चाहते हैं कि संसद इस पर शीघ्र मुहर लगाए। इस पैकेज का 40 प्रतिशत हिस्सा कंपनियों और मध्यवर्ग के लोगों को करों में रियायत के रूप में होगा। ओमाबा ने कल अपने आर्थिक सलाहकारों के साथ एक बैठक के बाद कहा था कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की हालत खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि हम बड़े कठिन दौर में फंसे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति से उबरने के लिए तत्काल कदम न उठाए गए तो आने वाले एक दो वर्ष बद से बदतर हो सकते हैं।