समाचार

फ्रेट कारीडोर खोलेगा निवेश का रास्ता

Jul 04, 03:03 am
  Print

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। औद्योगीकरण की रफ्तार में कई राज्यों से पिछड़ चुके उत्तार प्रदेश, बिहार, पंजाब, झारखंड में अब निवेश करने के लिए कई कंपनियां आगे आ सकती हैं। इन राज्यों से समर्पित माल यातायात गलियारे के गुजरने से औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेल बजट 2009-10 पेश करते हुए रेल मंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिमी व पूर्वी गलियारे के साथ ही उत्तार दक्षिण, पूर्व-पश्चिम, पूर्व-दक्षिण और दक्षिणी [चेन्नई-गोवा] के बीच भी डेडिकेटेट फ्रेट कारीडोर बनाने का ऐलान किया। इस परियोजना को ममता बनर्जी ने 'डायमंड रेल गलियारा परियोजना' का नाम दिया है।

बनर्जी की डायमंड रेल परियोजना की तुलना स्वर्णिम चतुर्भुज राजमार्ग विकास परियोजना से की जा सकती है। परियोजना से देश के सभी प्रमुख राज्यों को जोड़ा जाएगा। डायमंड रेल परियोजना के तहत पश्चिमी गलियारा उत्तार प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात व महाराष्ट्र से हो कर गुजरेगा। पूर्वी गलियारा दानकुनी के रास्ते लुधियाना से होकर कोलकाता तक जाएगा। यह पंजाब, उत्तार प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रास्ते से होकर गुजरेगा। अन्य ट्रैक मार्गो जैसे उत्तार दक्षिण, पूर्व पश्चिम, पूर्व दक्षिण व दक्षिणी गलियारे [चेन्नई से गोवा] के लिए भी रेल मंत्रालय ने व्यावहारिकता अध्ययन कर लिए हैं। बनर्जी ने बताया कि उचित समय पर इसे आगे बढ़ाया जाएगा। उक्त सारी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में माल भेजने में ज्यादा विलंब नहीं होगा। इससे इन क्षेत्रों में रोजगारसृजन पर भी काफी सकारात्मक असर पड़ेगा। बनर्जी ने बताया कि पूर्वी गलियारे का दानकुनी तक विस्तार करने के कार्य को अनुमोदित कर दिया गया है। इस परियोजना को समयबद्ध आधार पर और किफायती रूप में कार्यान्वित करने के लिए जल्द ही एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाएगा। इसी तरह से पश्चिम हिस्से में बनने वाले माल गलियारे के प्रभाव में दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे का विकास किया जा रहा है। इसमें औद्योगिक हब, रेल पोर्ट संपर्क, लाजिस्टिक पार्क व मेगा पावर प्लांट शामिल है। बनर्जी ने साफ किया कि इन सबका विकास सार्वजनिक व निजी भागीदारी के तौर पर किया जाएगा। माना जा रहा है कि दिल्ली-मुंबई के तर्ज पर देश के अन्य हिस्सों में लगाए जाने वाले माल यातायात गलियारे के आसपास भी औद्योगिक विकास में तेजी आएगी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति