सरपट दौड़ी कारें, बाइक की बिक्री भी बढ़ी

 
Sep 01, 01:57 pm

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। आटोमोबाइल क्षेत्र में मंदी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। देश की दिग्गज कार कंपनियों की पिछले महीने की बिक्री में जोरदार इजाफा हुआ है। बाजार की अगुवा मारुति सुजुकी की अगस्त में 41.1 फीसदी, जबकि हुंडई मोटर की सकल ब्रिकी में 10.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। टाटा मोटर्स ने बिक्री में दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज की है। दोपहिया खंड में हीरो होंडा ने अपने पूर्व बिक्री रिकार्ड को पीछे छोड़ते हुए 5 लाख वाहनों को बाजार में बेच दिया। टीवीएस मोटर्स की बिक्री में 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

समीक्षाधीन अवधि में मारुति सुजुकी के वाहनों की बिक्री बढ़कर 84 हजार 808 पर पहुंच गई। अगस्त, 08 में कंपनी ने 59 हजार 908 वाहन बेचे थे। ए2 खंड की कारों में आल्टो, वैगन आर, एस्टिलो, स्विफ्ट, ए स्टार, रिट्ज की बिक्री 39.3 प्रतिशत बढ़कर 52 हजार 473 वाहन हो गई, जबकि पूर्व वर्ष की इसी अवधि में 37 हजार 667 वाहन थी। वहीं ए3 खंड में एसएक्स 4 और डिजायर ब्रांड की बिक्री भी 44.1 प्रतिशत बढ़कर 7 हजार 821 हो गई। हालांकि मारुति 800 की बिक्री 26.4 प्रतिशत घटकर 2 हजार 734 रह गई। कंपनी के वाहनों का निर्यात 156.2 प्रतिशत बढ़कर 14 हजार 847 तक पहुंच गया।

देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी हुंडई मोटर की कई महीनों बाद घरेलू बिक्री ने निर्यात आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। कंपनी की इस दौरान बिक्री 10.8 प्रतिशत बढ़कर 49 हजार 521 रही। कंपनी की घरेलू बिक्री 12.9 प्रतिशत बढ़कर 24 हजार 401 पहुंच गई। कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट अरविंद सक्सेना ने कहा कि अगस्त में घरेलू बिक्री जोरदार रही है।

टाटा मोटर्स के कामर्शियल व यात्री वाहनों की कुल बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 49 हजार 810 हो गई। इसमें निर्यात आंकड़े भी शामिल हैं। कंपनी की घरेलू बिक्री भी 21 प्रतिशत बढ़कर 47 हजार 126 रही। कंपनी की कामर्शियल वाहनों की बिक्री में 28 व यात्री कारों में 26 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

दोपहिया वाहनों में दुनिया की दिग्गज कंपनी हीरो होंडा मोटर्स बाजार में अपनी पकड़ को मजबूत बनाए हुए है। अगस्त में कंपनी ने 4 लाख 15 हजार 137 वाहनों की रिकार्ड बिक्री की है। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 3 लाख 5 हजार 516 दुपहिया वाहन बेचे थे। कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट [सेल्स व मार्केटिंग] अनिल दुआ ने कहा कि चार लाख से अधिक वाहनों की बिक्री एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं टीवीएस मोटर्स की घरेलू बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 13 हजार 95 पर पहुंच गई। बीते साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 96 हजार 238 था। कंपनी की स्कूटर बिक्री में 13 और बाइक में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कंपनी का निर्यात घटकर 11 हजार 747 वाहन रह गया, जबकि अगस्त, 08 में कंपनी ने 18 हजार 83 वाहन विदेशी बाजार में बेचे थे।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:4.333334
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • मंडी
    Add to My Yahoo! xml
  • सर्राफा
    Add to My Yahoo! xml
  • टैंकर-ट्रक भाड़ा
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित