
मुंबई। एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच निवेशकों की मुनाफा वसूली ने बंबई स्टाक एक्सचेंज के सेंसेक्स में पांच दिनों से जारी तेजी पर बुधवार को ब्रेक लगा दिया।
बीएसई सेंसेक्स 166.93 अंक लुढ़कर 16,719.50 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 50.25 अंक गिरावट के साथ 4,969.95 अंक पर बंद हुआ। बीते पांच कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 672 अंक चढ़ गया था।
बाजार सूत्रों का कहना है कि निवेशक डेरिवेटिव्ज खंड में सौदे निपटाने का इंतजार कर रहे थे और उन्होंने पांच कारोबारी सत्र में जारी तेजी का लाभ उठाते हुए आज मुनाफा वसूली की।
इसके अलावा, अन्य एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर रुख का भी बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा। जापान का निक्की 0.70 फीसदी, चीन का शांगहाए इंडेक्स 1.89 फीसदी और हांगकांग का हैंगसेंग 0.49 फीसदी नीचे बंद हुआ।
बुधवार को घरेलू बाजार में मुनाफा वसूली की सबसे ज्यादा मार जयप्रकाश एसोसिएट्स पर पड़ी और यह 6.34 फीसदी गिरावट के साथ, जबकि सुजलान 6.10 फीसदी नीचे बंद हुआ।