
मुंबई। बाजार नियामक सेबी चाहता है कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियां बाजार को पर्याप्त सूचनाएं उपलब्ध कराएं जिससे उनके कामों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
यहां क्रिसिल के स्वतंत्र इक्विटी रिसर्च की लांचिंग के दौरान सेबी के चेयरमैन सी. बी. भावे ने कहा कि इससे निवेशकों को कंपनियों के बारे में सही समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नियामक उन सूचीबद्ध कंपनियों पर ध्यान केन्द्रित करेगा जो स्वतंत्र अनुसंधान कंपनियों के साथ पर्याप्त सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए तैयार नहीं हैं। अनुसंधान के जरिए क्रिसिल सूचीबद्ध भारतीय कंपनियों के ढांचे एवं मूल्यांकन के बारे में स्वतंत्र आकलन निवेशकों को उपलब्ध कराएगी।
भावे ने कहा कि निवेशकों को इक्विटी रिसर्च रपटों पर जरूर नजर डालना चाहिए और यह देखना चाहिए कि संबंधित रपट किस कंपनी द्वारा तैयार कराई गई है।