
नई दिल्ली। डालर के मुकाबले मजबूत होते रुपये ने निर्यातकों की नींद उड़ा दी है, लेकिन यह मुश्किल में फंसी देश की एविएशन कंपनियों के लिए राहत बनकर आया है। इसकी वजह से सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर विमान ईंधन [एटीएफ] की कीमतों में 896 रुपये यानी 2.4 फीसदी की कटौती कर दी है। इस कमी के साथ दिल्ली में एटीएफ के दाम घटकर 36 हजार 188 रुपये प्रति किलोलीटर हो गए हैं। यह कटौती गुरुवार की मध्यरात्रि से लागू हो गई है। फिलहाल रुपया मजबूत होकर 46 रुपये प्रति डालर के करीब आ गया है।
यह लगातार तीसरा पखवाड़ा है, जब तेल कंपनियों ने एटीएफ के दामों में कमी की है। इससे पहले इन कंपनियों- इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने 16 सितंबर और एक अक्टूबर को एटीएफ के दामों में क्रमश: 3.2 और 2.1 फीसदी की कटौती की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर सरकारी तेल कंपनियां हर पखवाड़े में एटीएफ के दामों की समीक्षा करती हैं। विमान ईंधन के सस्ते होने से भले ही एविएशन कंपनियां राहत महसूस कर रही हों, लेकिन यात्रियों को इसका कोई फायदा मिलने की उम्मीद नहीं है। एविएशन कंपनियों को अपने परिचालन का करीब 40 फीसदी एटीएफ पर खर्च करना पड़ता है।