
नई दिल्ली। त्यौहारी मौसम को देश की दोपहिया कंपनियों ने भी खूब भुनाया है। इससे भारत की दूसरी सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी बजाज आटो और एक अन्य प्रमुख बाइक निर्माता यामाहा मोटर ने अक्टूबर में बिक्री का जोरदार फर्राटा भरा है। हालांकि देश की दिग्गज दोपहिया कंपनी हीरो होंडा मोटर्स अपनी बिक्री में मामूली इजाफा ही कर पाई है।
बजाज की बाइक बिक्री अक्टूबर में 52.38 फीसदी बढ़कर 2 लाख 49 हजार 681 हो गई। बीते साल कंपनी ने इस दौरान एक लाख 63 हजार 681 मोटरसाइकिलें बेची थीं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2009-10 के बाकी महीनों में भी यह वृद्धि दर कायम रखने की उम्मीद जताई है। समीक्षाधीन माह के दौरान कंपनी का दोपहिया निर्यात भी 11.88 फीसदी बढ़कर 84 हजार 12 रहा। बीते साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 75 हजार 92 था।
हीरो होंडा मोटर्स ने समीक्षाधीन माह में कुल 3 लाख 54 हजार 156 दोपहिया वाहन बेचे। बीते साल इसी दौरान कंपनी ने 3 लाख 52 हजार 449 दोपहिया बेचे थे। इस तरह कंपनी की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
प्रमुख दोपहिया वाहन कंपनी यामाहा ने अक्टूबर में अपनी बाइकों की बिक्री 44.40 फीसदी बढ़ाकर 26 हजार 879 कर ली। पिछले साल इसी महीने कंपनी ने 18 हजार 614 मोटरसाइकिलें बेची थीं।