
नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज इंटरनेट सर्च इंजन कंपनी गूगल इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट छात्रों के लिए नौकरी के लिहाज से सबसे बढि़या नियोक्ता है। ग्लोबल इम्प्लायर ब्रांडिंग फर्म यूनिवर्सम के सर्वे ने 50 ग्लोबल कारोबारी और इंजीनियरिंग कंपनियों की सूची में माइक्रोसाफ्ट को दूसरा स्थान मिला है।
सर्वे के मुताबिक यह गूगल की शानदार छवि का ही जादू है कि दुनिया भर के छात्र इस कंपनी में काम करना चाहते हैं।
वैसे बिजनेस स्कूलों के छात्रों की दूसरी पसंद आडिट फर्म प्राइसवाटरहाउसकूपर्स है। उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी साफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसाफ्ट को तीसरी तरजीह दी है। चौथे नंबर पर ग्लोबल वित्तीय फर्म गोल्डमैन सैक्श है। इसके बाद अन्र्स्ट एंड यंग, प्राक्टर एंड गैंबल, जेपी मार्गन, मैकिंजी और डेलायट का नंबर आता है। बिजनेस स्कूलों के छात्रों की पसंदीदा सूची में कोका कोला 13 वें स्थान पर है। इंजीनियरिंग छात्रों के लिए माइक्रोसाफ्ट के बाद आईबीएम तीसरे, बीएमडब्ल्यू चौथे और इंटेल पांचवें स्थान पर हैं।
यूनिवर्सम ने कहा है कि शीर्ष 50 की इस सूची में शामिल कंपनियों में एक बात खास है। ये सभी कंपनियां वर्तमान और भविष्य की योग्यता को आकर्षित करती हैं। सर्वे में अमेरिका, जापान, चीन, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, इटली, रूस तथा भारत के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों के एक लाख 20 हजार छात्रों को शामिल किया गया।