
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित फ्रेंचाइजी आडिट कंपनी प्राइसवाटरहाउस कूपर्स [पीडब्ल्यूसी] ने दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को याचिका दायर कर सरकार द्वारा सत्यम घोटाले के बाद पीडब्ल्यूसी के खिलाफ शुरू की गई कार्रवाई पर रोक लगाने का अनुरोध किया।
अदालत के समक्ष पीडब्ल्यूसी ने कहा कि सरकार की कार्रवाई कानूनी रूप से गलत है, क्योंकि सत्यम के खातों की जांच करने वाली बेंगलूर स्थित फ्रेंचाइजी से उसका कोई संबंध नहीं है।
याचिका में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय आडिट कंपनी के देश में छह फ्रेंचाइजी हैं और उनका किसी भी रूप में एक दूसरे से कोई संबंध नहीं है। हमारा बेंगलूर की कंपनी से कोई सरोकार नहीं है जिसने सत्यम के खातों की जांच की थी। कंपनी ने अपने खिलाफ जारी कार्रवाई को तत्काल खारिज किए जाने का अदालत से अनुरोध किया है।
न्यायाधीश संजीव खन्ना ने पीडब्ल्यूसी की दलीलों को सुनने के बाद सरकार के वकील से केंद्र से इस बारे में राय लेने और अदालत को सूचित करने को कहा है।