
लंदन। कारोबारियों की भारी लिवाली के चलते विदेशी बाजार में सोने के भाव बुधवार को 1,094.40 डालर प्रति औंस की रिकार्ड ऊंचाई को छू गए। बाजार में अटकलें है कि भारत जैसे देश अपने सोने के भंडार को बढ़ाएंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष [आईएमएफ] से 200 मीट्रिक टन सोना खरीदा है, अन्य देशों द्वारा भी ऐसे कदम उठाए जाने के चलते कारोबारी ने भारी लिवाली की। सोना पिछले कई दिनों से मजबूत हो रहा था। इसके अलावा अन्य मुद्राओं की तुलना में डालर में कमजोरी से भी रुपया मजबूत हुआ। निवेशकों ने सोने में धन लगाने को वरीयता दी।
लंदन में सोने के हाजिर बाजार भाव 8.70 डालर तक की मजबूती के साथ 1,094.40 डालर प्रति औंस हो गए। सोने में कल 2.4 प्रतिशत की मजबूती आई थी। न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज में सोने के भाव 1,093.70 डालर प्रति औंस दर्ज किए गए।
विश्लेषकों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आईएमएफ से सोने की खरीद से इसके भाव आने वाले दिनों में और मजबूत हो सकते हैं। लंदन में सोने के भाव इस साल अब तक 25 प्रतिशत मजबूत हुए हैं।