
नई दिल्ली। सत्रह हजारी की होड़ में भले ही सचिन तेंदुलकर सोने से आगे निकल गए हैं, पर पीली धातु भी इस स्तर के करीब पहुंच गई है। लिवाली समर्थन से सोने के भाव स्थानीय सराफा बाजार में गुरुवार को 16 हजार 850 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। यह भी पीली धातु का नया रिकार्ड है।
इस दिन इसमें 50 रुपये की तेजी आई। इससे पहले दो दिनों में सोना 610 रुपये की उछाल दर्ज कर चुका है। चांदी भी 300 रुपये भड़ककर 27 हजार 500 रुपये प्रति किलो बंद हुई।
रिजर्व बैंक द्वारा मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष से 200 टन सोना खरीदने के बाद से यह कीमती धातु दुनिया भर के बाजारों में उफान पर है। एक दिन पूर्व न्यूयार्क में इसने 1100 डालर प्रति औंस का नया शिखर छू लिया। विदेशी बाजार में यह तेजी इन अटकलों के बीच आई है कि भारत जैसे देश अपने स्वर्ण भंडार को बढ़ाएंगे।
स्थानीय बाजार में सोना आभूषण के भाव 50 रुपये सुधरकर 16 हजार 700 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। गिन्नी पूर्वस्तर 13 हजार 200 रुपये प्रति आठ ग्राम पर बरकरार रही। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 110 रुपये चढ़कर 27 हजार 180 रुपये प्रति किलो बंद हुई। चांदी सिक्का पूर्वस्तर 33300-33400 रुपये प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहा।