नई दिल्ली। अनिवासी भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल की पुत्रवधू मेघा मित्तल भी अपने ससुर की राह चल पड़ी हैं। वह यूरोप की मशहूर, लेकिन दीवालिया लक्जरी फैशन कंपनी एस्काडा को खरीदेंगी। 33 वर्षीय मेघा स्टील किंग के नाम से मशहूर लक्ष्मी निवास के बेटे आदित्य मित्तल की पत्नी हैं। लक्ष्मी ने भी कई देशों की संकटग्रस्त कंपनियों को खरीदकर ही दुनिया का सबसे बड़ा स्टील साम्राज्य खड़ा किया है। वह आज विश्व की दिग्गज स्टील कंपनी आर्सेलर-मित्तल के मुखिया हैं।
एस्काडा महिलाओं के परिधान व एक्सेसरीज तैयार करती है। खास बात यह है कि हालीवुड की केटी होम्स और हिलैरी स्वैंक जैसी कई अभिनेत्रियां एस्काडा ब्रांड की दीवानी हैं। म्यूनिख में मुख्यालय वाली इस कंपनी की स्थापना 1976 में हुई थी। कंपनी के 60 से ज्यादा देशों में 182 अपने और 225 फ्रेंचाइजी स्टोर हैं। हालांकि कई साल से बिक्री में आ रही गिरावट से संकटग्रस्त यह कंपनी ग्लोबल मंदी के तगड़े झटके को बर्दाश्त नहीं कर पाई।
करार के मुताबिक एस्काडा के सभी अधिकार मित्तल फेमिली ट्रस्ट को मिल जाएंगे। मेघा का इरादा एस्काडा को लक्जरी से बदलकर किफायती फैशन ब्रांड बनाने का है।
मेघा ने गुरुवार को पुष्टि की कि म्यूनिख में हुई नीलामी में बाजी उनके हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि इस मशहूर लक्जरी ब्रांड की विरासत को फिर से सफल भविष्य में तब्दील किया जाएगा। ग्लोबल मंदी के चलते घाटे की शिकार एस्काडा ने अगस्त, 09 में खुद को दीवालिया घोषित करने का आवेदन किया था। इस कंपनी ने वित्त वर्ष 2007-08 में 58.2 करोड़ यूरो की बिक्री की थी।