मूडीज ने यूरोप पर चलाई साख की चाबुक

वाशिंगटन। लाख कोशिशों के बाद भी कर्ज संकट के काले बादल यूरोप पर गहराते दिख रहे हैं। ग्रीस से शुरू हुआ यूरो क्षेत्र का यह संकट धीरे-धीरे समूचे यूरोप को अपनी आगोश में लेने लगा है। रेटिंग एजेंसियों का नजरिया भी इस खतरे की ओर साफ इशारा करता है। विश्व की प्रमुख रेटिंग एजेंसी मूडीज ने इटली, स्पेन, पुर्तगाल, स्लोवेनिया, स्लोवाकिया और माल्टा की साख गिरा दी है।

बड़ी बात यह है कि मूडीज ने ट्रिपल 'ए' की शीर्ष साख वाले फ्रांस, ब्रिटेन और ऑस्ट्रिया को जोखिम पर रख दिया है। उसे डर है कि ये सभी देश यूरो क्षेत्र के कर्ज संकट से प्रभावित हो सकते हैं। दूसरी ग्लोबल रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स फ्रांस समेत नौ यूरोपीय देशों की साख को पहले ही पलीता लगा चुकी है। यूरोपीय संघ में 27 देश हैं, जबकि यूरो क्षेत्र में [जहां यूरो मुद्रा चलती है] 16 मुल्क शामिल हैं। मूडीज ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब ग्रीस और यूरोप ने एक बड़ी बाधा पार की है। ग्रीस संसद ने एथेंस और अन्य शहरों में भारी विरोध के बावजूद खर्च कटौती के सख्त उपायों को अपनाने पर सहमति जताई है।

मूडीज के ताजा कदम से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या यूरोपीय नेता क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और वित्तीय क्षेत्र को उबारने के लिए समुचित प्रयास कर रहे हैं? रेटिंग घटाने और तमाम देशों को जोखिम में रखने के लिए मूडीज ने तर्क दिए हैं। उसके मुताबिक, क्षेत्र की इस क्षेत्र की आर्थिक संभावनाएं बेहद कमजोर हैं। संकट से उबरने के लिए घरेलू स्तर पर खर्च कटौती के कार्यक्रम और ढांचागत सुधारों को बढ़ाने की जरूरत है। इसी से प्रतिस्पर्धा बढ़ सकेगी। इस बारे में कोई गंभीर कोशिश नहीं दिख रही है। एजेंसी ने यूरोप की ओर से इस संकट से निपटने के लिए उचित संसाधनों को जुटाने के प्रयासों पर भी सवाल खड़ा किया है।

रेटिंग की ताजा स्थिति

ऑस्ट्रिया, फ्रांस और ब्रिटेन की ट्रिपल ए रेटिंग कायम तो रखी गई है, पर उन्हें निवेश के जोखिम को लेकर चेतावनी दी गई है। यह इस बात का संकेत है कि यदि स्थिति और बिगड़ी, तो इन देशों की साख को भी बट्टा लग सकता है। इटली की रेटिंग ए3 से घटाकर ए2 की गई है। स्पेन की रेटिंग ए3 से ए1 हो गई है।

पुर्तगाल की साख बीए3 से बीए2 पर पहुंच गई है। स्लोवाकिया और स्लोवेनिया की रेटिंग को एक पायदान घटाकर ए2 किया गया है। वहीं माल्टा की रेटिंग को भी एक पायदान खिसकाया गया है। सबसे सुरक्षित निवेश और बेहतर संभावनाओं वाले देश को तीन ए वाली रेटिंग दी जाती है। इससे नीचे आने पर यानी डबल ए या सिंगल ए के साथ निवेश का जोखिम बढ़ता जाता है।

स्पेन के चार बैंकों की रेटिंग गिरी

मैड्रिड। एक महीने पहले स्पेन की रेटिंग को घटाने के बाद अब ग्लोबल रेटिंग एजेंसी फिच ने उसके चार सबसे बड़े बैंकों की कर्ज साख घटा दी है। एजेंसी का कहना है कि स्पेन की मौजूदा स्थितियों का असर उसके बैंकों पर पड़ना लाजिमी है। इसलिए उनकी रेटिंग स्पेन की सॉवरेन रेटिंग से अधिक नहीं रह सकती है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:5
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • मंडी
  • सर्राफा
  • टैंकर-ट्रक भाड़ा