समाचार

संदेह में उपयोगिता

Sep 07, 12:34 am
  Print

व्यस्तता से भरे जीवन में समाज सेवा के लिए समय निकालना प्रशंसनीय है। इस समय हरियाणा में कई संस्थाएंसमाज सेवा के कार्यो में जुटी हैं। इसमें दो राय नहीं कि कमजोर वर्गो के उत्थान में इन संस्थाओं ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। विडंबना है कि समाज सेवा के नाम पर दावे तो बड़े-बड़े किए जाएं, लेकिन वास्तव में इनके कार्यो का लाभ सही पात्रों को ही न मिले। फिर इनकी क्या उपयोगिता रह जाएगी। रक्तदान को महादान बताकर इसकी महत्ता का जितना बखान किया जाए, कम है। कारण, इससे बड़ा कोई जीवनदान नहीं। हरियाणा में कई सामाजिक संस्थाएं रक्तदान शिविर लगाती रहती हैं। आपात स्थिति में रोगियों को इन्हीं संस्थाओं द्वारा एकत्रित रक्त दिया जाता है। अजीब स्थिति तब उत्पन्न होती है जब शिविर लगाकर रक्त तो एकत्र कर लिया जाता है, किंतु जिन्हें इसकी आवश्यकता हो वही इससे वंचित रह जाता है। हाल में यमुनानगर में लगाए गए एक रक्तदान शिविर में यह स्थिति देखने को मिली। ईएसआई अस्पताल से ब्लड बैंक की टीम थैलीसीमिया के मरीजों के लिए रक्त मांगने आई थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। और वह खाली हाथ लौट गई। यह स्थिति प्रदेश के किसी भी जिले में हो सकती है। अचानक वहां रक्त की किल्लत हो जाए और उपलब्ध होने पर भी उसे देने से मना कर दिया जाए। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं से आगे बढ़-चढ़ कर काम करने की क्या उम्मीद की जा सकती है।

जरूरतमंद को ही जब रक्त नहीं मिलेगा तो स्पष्ट किया जाना चाहिए कि ताम-झाम करके रक्त किसके लिए एकत्रित किया जा रहा है। कुछ दिन पहले यमुनानगर में थैलीसीमिया से पीड़ित एक बच्ची की मौत हो गई थी। अब भी कई अन्य बच्चे इस रोग से पीड़ित हैं। जाहिर है कि वहां जितना रक्त ब्लड बैंक में रखा जाए, उतना ही कम है। दुखद बात है कि औपचारिकताएं पूरी करने और ब्लड बैंक की टीम की गुहार का जरा भी असर नहीं हुआ। इससे संदेह होता है कि क्या यह शिविर किसी अन्य मकसद से लगाया गया था। किसी शहर में रक्तदान शिविर लगे और इसकी जानकारी जिला चिकित्सा अधिकारी व रेडक्रास को भी न हो। इससे साबित होता है कि सामाजिक संस्थाओं व सरकारी विभागों में समन्वय का अभाव है। यदि यही स्थिति रही तो जरूरतमंद लोगों को कभी सहायता नहीं मिल पाएगी।

[स्थानीय संपादकीय: हरियाणा]

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति