
विद्या बालन हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की बेहद भाग्यशाली अभिनेत्री इसलिए भी कही जा सकती हैं, क्योंकि उन्हें बहुत कम समय में इंडस्ट्री के कई मोस्ट पॉपुलर ऐक्टर्स के साथ काम करने का मौका मिला। अभिनेता सैफ अली खान से लेकर संजय दत्त और हॉट जॉन अब्राहम से लेकर रफ ऐंड टफ अक्षय कुमार तक सभी के साथ उनकी जोड़ी बनी। उनकी अगली फिल्म चॉकलेटी हीरो शाहिद कपूर के साथ है। विद्या अपने तीन पसंदीदा को-आर्टिस्ट के बारे में बता रही हैं हमें..
अक्षय कुमार : मैंने अक्षय के साथ दो फिल्मों भूल भुलैया और हे बेबी में काम किया है। मेरी खुशकिस्मती देखिए कि उनके साथ आई मेरी दोनों फिल्में हिट रहीं। उनके साथ मेरी बड़ी अछी केमिस्ट्री रही। उनके साथ काम करके मुझे मजा आया। वे बड़े मजेदार ऐक्टर हैं। सेट पर हमेशा कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं, जिससे सेट पर मस्ती का माहौल बना रहता है। वे अपने साथी कलाकार की सहजता और सहूलियत का बहुत खयाल रखते हैं। बेहतरीन ऐक्टर होने के साथ ही साथ वे बहुत अछे इनसान भी हैं। उनके साथ बिताए पल मैं कभी नहीं भूल सकती। उम्मीद है, आगे भी मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिलेगा और मेरी जोड़ी उसी तरह पसंद की जाएगी, जिस तरह दो फिल्मों में पसंद की गई।
संजय दत्त : मैंने अब तक जितने ऐक्टर्स के साथ काम किया है, उनमें संजय एकदम अलग किस्म के इनसान हैं। वे बहुत विनम्र भी हैं। स्पॉट ब्वॉय से लेकर डायरेक्टर तक के साथ एक जैसा बर्ताव करते हैं। किसी तरह का भेदभाव नहीं करते। उनकी व्यक्तिगत जिंदगी में जो कुछ हो रहा है, उसका असर वे अपने काम पर नही पड़ने देते। मैंने उनके साथ काम करते हुए बहुत कुछ सीखा। उन्होंने परिणीता की शूटिंग के दौरान मेरी काफी सहायता की थी। उनके साथ काम करते समय मैं बिल्कुल नई थी, लेकिन उन्होंने मुझे इस बात का जरा भी अहसास नहीं होने दिया कि वे बहुत बड़े स्टार हैं और मैं नई। उनके साथ काम करने का मेरा अनुभव बिल्कुल अलग रहा।
शाहिद कपूर : शाहिद के साथ मैं अजीज मिर्जा की फिल्म लकी चार्म कर रही हूं। वे अपने काम को लेकर बहुत सीरियस रहते हैं। फालतू बातों पर गौर नहीं करते। ऐसा नहीं है कि वे सिर्फ अपने काम पर ही ध्यान देते हैं, बल्कि वे अपने साथी कलाकार के कम्फर्ट का भी खयाल रखते हैं। उनकी एक बात मुझे बहुत अछी लगी और वह है उनका काम के प्रति समर्पण। वे जो करते हैं, उसके हर पहलू पर बारीकी से ध्यान देते हैं। कुल मिलाकर शाहिद के साथ काम करने का अनुभव सुखद रहा। उम्मीद है, उनके साथ मेरी जोड़ी को दर्शक पसंद करेंगे।
-मुंबई प्रतिनिधि