समाचार

खुश हैं मिनिषा लांबा

May 13, 10:11 am
  Print

धीरे-धीरे मिनिषा लांबा अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही हैं। यहां जैसी गंभीर फिल्म से फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली मिनिषा आजकल अपने करियर की दशा और दिशा से बेहद खुश हैं। वे खुश इसलिए भी हैं, क्योंकि उनकी झोली में बड़े बैनरों की फिल्में आनी शुरू हो गई हैं। इन दिनों वे यशराज बैनर की रणवीर कपूर अभिनीत फिल्म बचना ऐ हसीनों की शूटिंग में व्यस्त हैं। उल्लेखनीय है कि इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और बिपाशा बसु तो हैं ही, मिनिषा भी रणवीर कपूर के साथ उनकी हीरोइन के रूप में दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगी।

वैसे तो लोकप्रियता के मामले में मिनिषा के मुकाबले दीपिका और बिपाशा का कद थोड़ा बड़ा है, लेकिन ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मिनिषा का अभिनय-पक्ष भविष्य में इन स्टार अभिनेत्रियों पर हावी हो सकता है। यह भी एक सच है कि स्टारी नखरों से दूर रहने वाली मिनिषा खुद को एक संपूर्ण अभिनेत्री के रूप में स्थापित करने की इच्छा रखती हैं। शायद इसीलिए जहां एक ओर वे बचना ऐ हसीनों में रणवीर के साथ प्रेम-रस में सराबोर होंगी, वहीं दूसरी ओर संजय दत्त अभिनीत क्राइम थ्रिलर किडनैप में भी दिखेंगी। वे कहती हैं, मैं एक वर्सटाइल ऐक्ट्रेस बनना चाहती हूं। मेरी इच्छा है कि हर तरह की फिल्में और हर रंग वाली भूमिकाएं करूं। पर्दे पर हर तरह के इमोशन को मैं जीना चाहती हूं और सच तो यह है कि इसी दिशा में इन दिनों प्रयासरत भी हूं।

मिनिषा के फिल्मी करियर के लिए वर्ष 2008 बेहद उल्लेखनीय है। लगभग एक महीने के अंतराल में उनकी दो फिल्में रिलीज हुई -शौर्य और अनामिका। जहां एक ओर शौर्य में मिनिषा ने जुझारू पत्रकार की भूमिका में समीक्षकों की प्रशंसा बटोरी, वहीं अनामिका में भी उन्होंने अपने शालीन अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया, लेकिन वे इस बार भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता का स्वाद नहीं चख पाई। अब इस प्रतिभाशाली अभिनेत्री की उम्मीदें बचना ऐ हसीनों और किडनैप पर निर्भर हैं। आशा है, ये दोनों फिल्में मिनिषा के फिल्मी करियर को नई ऊंचाई देंगी और वे भी हिंदी फिल्मों की सफल अभिनेत्रियों में शामिल हो जाएंगी।

सौम्या अपराजिता

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति