
सच यही है कि शमिता शेट्टी का फिल्मी करियर ढलान पर है, फिर भी उनके लटकों-झटकों की मांग बनी हुई है। चर्चा है कि मेरे यार की शादी है और साथिया फिल्म के बाद शमिता अब बच्चों को केंद्र में रख कर बनी फिल्म हरि पुत्तर के एक गीत में किए डांस से दर्शकों को मुग्ध करेंगी। पिछले दिनों मुंबई में इस गीत की शूटिंग हुई। हरि पुत्तर के मुख्य बाल कलाकार जेन खान के साथ शमिता ने तुतारी बजे.. गीत पर खूब ठुमके लगाए।
उल्लेखनीय है कि तुतारी बजे.. गीत पर शमिता का डांस हरि पुत्तर के प्रमोशन के लिए विशेष तौर पर फिल्माया गया है। शमिता ने इस बारे में कहा, पहली बार मैं किसी फिल्म के प्रोमोशनल वीडियो का हिस्सा बनी हूं, जिसमें कि मैंने ऐक्टिंग नहीं की है। मुझे इस फिल्म का कॉन्सेप्ट बेहद पसंद आया। साथ में गीत भी काफी मजेदार है। हरि पुत्तर के निर्माता मुनीश पुरी मेरे अच्छे मित्र हैं, इसीलिए मैंने इस प्रोमोशनल वीडियो का हिस्सा बनने के लिए तुरंत रजामंदी दे दी।
वैसे भी गौर करें, तो शमिता के पास इन दिनों नाममात्र की ही फिल्में हैं! सच यही है कि ऐसे में उन्हें आइटम डांस का हिस्सा बनकर ही संतोष करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि बतौर अभिनेत्री शमिता की पिछली फिल्म कैश थी, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रही, इसलिए अब यह देखना रोचक होगा कि अभिनेत्री के रूप में पहचान बनाने के लिए जद्दोजहद कर रहीं शमिता आइटम गर्ल के रूप में दर्शकों पर अपना जादू फिर से चला पाती हैं या नहीं!
-सौम्या अपराजिता