
कभी अपनी मस्त अदाओं से दर्शकों का मन मोहने वाली रंगीली उर्मिला मातोंडकर अब पस्त नजर आ रही हैं। फिल्मों में उनके पास करने को अब कुछ नहीं है और न ही वे छोटे पर्दे पर अपना प्रभाव छोड़ने में ही सफल हो पा रही हैं! कभी शीर्षस्थ अभिनेत्री की दावेदार रहीं उर्मिला ने जब छोटे पर्दे पर ऐंकरिंग की जिम्मेदारी संभाली, तभी उनके डूबते फिल्मी करियर का अंदाजा लग गया था। हो सकता है, उर्मिला इसके जरिए अपने अंदर छिपी संगीत-प्रतिभा से दर्शकों को परिचित कराना चाहती हों, लेकिन न ही दर्शकों को उर्मिला का संचालन पसंद आ रहा है और न ही उनकी गायकी। अब उर्मिला करें भी तो क्या करें? उल्लेखनीय है कि हिमेश रेशमिया अभिनीत और सतीष कौशिक निर्देशित फिल्म कर्ज में छोटी-सी भूमिका के अतिरिक्त कोई दूसरी फिल्म उर्मिला के पास नहीं है और ऐंकर के रूप में भी वे प्रभाव छोड़ने में कामयाब नहीं हो पा रही हैं! आश्चर्य की बात तो यह है कि पिछले दिनों आईफा अवार्ड समारोह के दौरान भी उनकी संचालन-क्षमता की खूब आलोचना हुई। अगर कहा जाए कि इन दिनों उर्मिला का खराब वक्त चल रहा है, तो शायद गलत नहीं होगा।
उर्मिला के करियर और उम्र को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वे भी अब विवाह-बंधन में बंधने की सोचें। वैसे भी, उनकी समकालीन अभिनेत्रियों ने फिल्मी चकाचौंध से दूर हो कर वैवाहिक जीवन को अपना लिया है! हो सकता है, उर्मिला भी सोचें..!
-सौम्या अपराजिता