शबाना आजमी ने गुरिंदर चढ्डा की फिल्म इट्स ए वंडरफुल आफ्टर लाइफ के लिए पच्चीस पौंड वजन बढ़ाकर साबित कर दिया है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी वे नए प्रयोग करने के लिए तैयार हैं। पिछले दिनों उनसे मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि उम्र के इस पड़ाव पर उनके लिए वजन बढ़ाना आसान काम नहीं था, मैंने छब्बीस वर्ष पहले श्याम बेनेगल की फिल्म मंडी के लिए पहली बार वजन बढ़ाया था। उसमें रुक्मिणी बाई की भूमिका के लिए मैंने अपना वजन बारह किग्रा. बढ़ाया था, लेकिन उस वक्त मैं बहुत यंग थी। लंबे अंतराल के बाद गुरिंदर चढ्डा की इट्स अ.. के लिए मुझे वजन बढ़ाने की जरूरत महसूस हुई। इस फिल्म में मेरी भूमिका एक मोटी मां की है। मैं रिअॅल में उतनी मोटी नहीं हूं। गुरिंदर ने मुझसे कहा कि आपको वजन बढ़ाना पड़ेगा। मुझे फिल्म की कहानी और अपनी भूमिका अच्छी लगी, इसलिए मैं वजन बढ़ाने के लिए तैयार हो गई।
फिल्म इट्स अ.. एक मोटी मां और उसकी मोटी बेटी की कहानी है। मां अपनी बेटी की शादी के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार रहती है। यह कॉमेडी फिल्म है। शबाना आजमी इसमें पंजाबी मां की भूमिका में हैं, जो 45 साल से इंग्लैंड में रह रही है। उन्हें पच्चीस पौंड वजन बढ़ाने में तीन महीने लगे। वे बताती हैं, मैंने तीन महीने तक खूब जमकर खाना खाया। मुझे खाने के लिए किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं थी। मेरा वजन तीन महीने के भीतर पच्चीस पौंड बढ़ गया। मैं दो महीने विदेश में फिल्म की शूटिंग करके अभी लौटी हूं। अब मैं वजन घटाने में जुटी हूं। मुझे पता है कि जो वजन बढ़ा है, उसे घटाना आसान काम नहीं। मुझे अपने पुराने शेप में वापस लौटने में कम से कम तीन महीने लगेंगे। गुरिंदर की इस फिल्म में हॉलीवुड के भी कई कलाकार होंगे। शाबाना ने हाल में दीपा मेहता की भी एक फिल्म साइन की है। वह सलमान रुश्दी के उपन्यास मिडनाइट चिल्ड्रेन पर आधारित है। उसके बारे में वे कहती हैं, इस फिल्म की शूटिंग अगले वर्ष शुरू होगी। अभी मैं उसके बारे में कोई बात नहीं कर सकती। इतना जरूर कहूंगी कि वह मेरे लिए बेहद खास है। पिछले दिनों हुए एक ऑन लाइन पोल में शबाना आजमी और जावेद अख्तर को इंडस्ट्री का बेस्ट कपल चुना गया। अमिताभ बच्चन-जया बच्चन, शाहरुख खान-गौरी, अभिषेक-ऐश्वर्या और अजय देवगन-काजोल की जोड़ी भी इस प्रतिस्पर्धा में शामिल थीं। शबाना आजमी ने कहा, मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी, जिन्होंने अपना वोट देकर हमें इंडस्ट्री का बेस्ट कपल चुना। ऐसी बातें हमें खुशी देती हैं।
-मुंबई प्रतिनिधि