
सलमान खान और अजय देवगन की एक झलक पाने के लिए फिल्म-प्रेमी बेचैन रहते हैं। ऐसे में यदि ये दोनों सितारे एक साथ किसी गांव में पहुंच जाएं, तो उस गांव के लोगों का उत्साहित होना स्वाभाविक ही है। चंडीगढ़ के करीब के गांव मुल्लनपुर के लोग तब अपनी खुशी नहीं छिपा सके, जब उन्हें पता चला कि उनके गांव में सलमान खान और अजय देवगन शूटिंग करने आ रहे हैं।
दरअसल, फिल्म लंदन ड्रीम्स की शूटिंग के सिलसिले में सलमान और अजय मुल्लनपुर पहुंचे थे। दोनों के आगमन की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और गांव वाले शूटिंग स्थल पर पहुंच गए। उनके लिए सलमान और अजय की झलक पाना किसी सपने की तरह लग रहा था। अपने प्रिय सितारों को थोड़ी देर निहारने के बाद ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। कुछ देर बाद ही लोगों ने लंदन ड्रीम्स की पूरी यूनिट के सामने शर्त रख दी कि जब तक सलमान और अजय से सभी गांववासी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिलेंगे, तब तक उनके गांव में शूटिंग नहीं होने दी जाएगी। सभी गांववासी अपने प्रिय सितारे से हाथ मिलाना चाहते थे, उनसे ऑटोग्राफ लेना चाहते थे और उनके साथ अपनी तस्वीरें लेना चाहते थे। आखिर गांव वालों की शर्त के आगे लंदन ड्रीम्स की पूरी यूनिट को झुकना पड़ा। सलमान और अजय ने गांव वालों की इच्छा पूरी की। उन्होंने ग्रामीणों को ऑटोग्राफ दिए और हाथ मिलाए। गौरतलब है कि नमस्ते लंदन की सफलता के बाद निर्देशक विपुल शाह ने लंदन ड्रीम्स की शूटिंग के लिए दोबारा मुल्लनपुर का चुनाव किया था।