समाचार

अब मिल रही हैं चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं: अमिताभ

Aug 28, 01:10 pm
  Print

नई दिल्ली। आंखें, ब्लैक, भूतनाथ और रामगोपाल वर्मा की आग (शोले का सीक्वल) जैसी फिल्मों में लीक से हट कर भूमिकाएं निभा चुके सुपरस्टार अमिताभ बच्चन मानते हैं कि पिछले कुछ वर्षो के दौरान उन्हें जो भूमिकाएं मिली है वह उनके द्वारा पूर्व में अभिनीत भूमिकाओं की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हैं।

अमिताभ ने एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक के कोलकाता संस्करण को ई-मेल के जरिए दिए एक साक्षात्कार में कहा कि पिछले कुछ वर्षो के दौरान उन्हें उनके द्वारा पूर्व में अभिनीत भूमिकाओं की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं मिलीं। अमिताभ ने इस साक्षात्कार के अंश अपने ब्लाग में डाले हैं।

जंजीर, कालिया, दीवार, इंकलाब, अग्निपथ जैसी फिल्मों में व्यवस्था से नाराज युवक की व्यथा दर्शाने वाले अमिताभ को उस दौर में एंग्री यंग मैन कहा जाता था।

उन्होंने 12 सितंबर को रिलीज होने जा रही अपनी नयी फिल्म द लास्ट लीयर को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा है इसकी पटकथा चुनौतीपूर्ण थी। इसे अंग्रेजी में बनाया जाना था और यह काम मैंने कोलकाता में रंगमंच के दिनों के बाद से नहीं किया था।

रितुपर्णो घोष द्वारा निर्देशित यह फिल्म उत्पल दत्त के नाटक आजकेर शाहजहां पर आधारित है। एक नाटक को बड़े पर्दे पर फिल्म के तौर पर पेश करने में आने वाली दिक्कतों को बेहद सफाई से दूर करने के लिए उन्होंने रितुपर्णो घोष की सराहना की।

द लास्ट लीयर अमिताभ की रितुपर्णो के साथ की गई पहली फिल्म है। उन्होंने ब्लाग में लिखा है, हम दोनों काफी समय से साथ काम करने की योजना बना रहे थे। आखिरकार यह हो ही गया। रितु के साथ पहली बार काम का अनुभव शानदार था। फिल्म में प्रीति प्रीति जिंटा और अर्जुन रामपाल भी हैं। उनके काम की सराहना करते हुए अमिताभ ने लिखा है दोनों संपूर्ण कलाकार हैं और स्वयं को मिले अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए उन्होंने बेहतरीन अभिनय किया है। ब्लाग में अमिताभ ने लिखा है कि उनकी पहली फिल्म सात हिन्दुस्तानी नहीं बल्कि मृणाल सेन द्वारा निर्देशित भुवन शोम थी जिसमें उन्होंने अपनी आवाज दी थी। साक्षात्कार में अमिताभ ने अपने बहुचर्चित अनफारगेटेबल टूर के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में लिखा है यह कल्पना से परे एक बड़ी सफलता है। इसका एक शो 24 अगस्त को लंदन के प्रतिष्ठित ओ 2 एरेना में हुआ। हमें सूचना मिली कि ओ 2 एरेना के इतिहास में यह केवल तीसरा अवसर है जब पूरे टिकट बिक गए और स्टेडियम दर्शकों के भरा था। इससे पहले मैडोना और राकबैंड यू 2 के लिए ही दर्शकों ने ओ 2 एरेना में इतना उत्साह दिखाया था। तीसरी बार यह उत्साह एक भारतीय आयोजन के लिए था।

उन्होंने आगे लिखा है अमेरिका, कनाडा, त्रिनिदाद में भी हमने कार्यक्रम पेश किए। हर जगह स्टेडियम दर्शकों से भरा था। दर्शकों की एक ही प्रतिक्रिया थी... उन्होंने ऐसा शो न पहले कभी देखा और न शायद भविष्य में देखेंगे। यह सफलता हमें विदेशों में मिली। हमें भारतीय होने पर गर्व है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति