नई दिल्ली। फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने इन रिपोर्टो को आधारहीन बताया है जिनमें कहा गया है कि अभिनेता सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म वांटेड के प्रचार के लिए न्यूयॉर्क जाने की अपनी योजना शाहरुख खान के साथ अमेरिका में हुई सख्त पूछताछ के कारण रद्द की।
मीडिया ने दावा किया था कि सलमान ने शाहरुख को अमेरिका के एक हवाई अड्डे पर रोककर उनसे सख्त पूछताछ किए जाने की घटना से सबक लेते हुए न्यूयॉर्क जाने की योजना रद्द कर दी। इस फिल्मी योजना से जुड़े निर्माता कपूर ने कहा, यह खबर पूरी तरह निराधार है। न्यूयॉर्क नहीं जाने का फैसला निर्माताओं का था न कि सलमान खान का। सलमान को इस प्रकरण में क्यों घसीटा जा रहा है? हम अमेरिका जाने को तैयार इसलिए नहीं हुए क्योंकि हमें जो प्रस्ताव दिया जा रहा था, वह हमें मंजूर नहीं था। वह आगे कहते हैं, खबरों में कहा गया कि सलमान 3 सिंतबर को न्यूयॉर्क में मौजूद रहते, पर शाहरुख खान के साथ हुई घटना ने उन्हें वहां नहीं जाने को प्रेरित किया। यह खबर बिल्कुल बकवास है। यह काल्पनिक खबर है।
गौरतलब है कि फिल्म वांटेड 18 सितंबर को रिलीज होने वाली है।