
नई दिल्ली। फिल्मकार भावना तलवार का कहना है कि उन्होंने फिल्म निर्माण का क्षेत्र नहीं चुना, बल्कि इस क्षेत्र ने ही उनका चुनाव किया है। धर्म फिल्म के निर्देशन से चर्चा में आई भावना की अगली फिल्म हैप्पी के 16 अप्रैल को प्रदर्शित होने की संभावना है।
एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र से बतौर रिपोर्टर अपने करियर की शुरूआत करने वाली भावना का कहना है, मैंने फिल्म निर्माण का क्षेत्र नहीं चुना था। इस क्षेत्र ने ही मुझे चुना था। पत्रकारिता के जरिए मैं तथ्यों पर आधारित लेख लिख सकती थी, जहां कल्पनाशीलता बहुत सीमित होती थी। फिल्मों का कैनवास बहुत विस्तृत होता है जहां मैं चुनाव कर सकती हूं कि कौन-सी बात किस तरह कहनी है।
भावना ने कहा कि अपनी पहली फिल्म को चुनने से पहले उन्होंने काफी समय लिया था। उन्होंने कहा कि धर्म फिल्म में सामाजिक संदेश होने की वजह से यह उनके लिए भावनाओं में पगी कहानी थी। उन्होंने कहा, मुझे आज भी याद है कि एक निर्माता को यह फिल्म बहुत बोल्ड लगी थी। उन्होंने मुझे कथानक बदलने के लिए कहा था, जिससे मैंने इंकार कर दिया था।
फिल्म धर्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकीं भावना अभिनेता पंकज कपूर और अभिनेत्री सुप्रिया पाठक को बेहतरीन कलाकार मानती हैं। उन्होंने कहा, इन दोनों का काम बताता है कि ये बहुत अच्छे कलाकार हैं। मेरी आने वाली फिल्म हैप्पी में ये दोनों कलाकार कठिन भूमिकाओं में दिखेंगे।
भावना मानती हैं कि हमारे यहां सिनेमा की एक श्रेष्ठ परंपरा है। वह कहती हैं कि गुणवत्तापूर्ण सिनेमा उन्हें उत्साहित करता है। प्यासा, एक डॉक्टर की मौत, आंधी, पाथेर पांचाली, मेघे धाका तारा, शोले, लगान और रोजा उनकी पसंदीदा फिल्में हैं। मधुबाला, रेखा, स्मिता पाटिल, तब्बू, काजोल, प्रियंका चोपड़ा, गुरु दत्त, पंकज कपूर, संजीव कुमार और आमिर खान उनके पसंदीदा कलाकार हैं।
अपनी आने वाली फिल्म हैप्पी के विषय में उनका कहना है, फिल्म हैप्पी एक ऐसे व्यक्ति की खट्टी-मीठी कहानी है जो दु:खी नहीं होना चाहता। एक ऐसा व्यक्ति जिसके जीवन का लक्ष्य लोगों को हंसाना है। एक आदमी जो आज के भौतिकतावादी युग में है और उसकी भौतिक इच्छाएं नहीं हैं। हैप्पी फिल्म खुशियों को तलाशने की कहानी है। इस फिल्म में पंकज कपूर, सुप्रिया पाठक, राज सलूजा, नकुल वैद्य और रिषिता भट्ट ने अभिनय किया है। हम इस फिल्म को 16 अप्रैल को रिलीज करने को सोच रहे हैं।