
मुंबई। फिल्म पा के निर्देशक आर.बाल्की के लिए यह बहुत राहत वाली बात रही कि अभिनेता अभिषेक बच्चन ने फिल्म के लिए वास्तविक जीवन के उलट अपने पिता अमिताभ बच्चन को पीठ पर उठाकर एक विस्तृत क्षेत्र में चलने का दृश्य सहजता से पूरा कर लिया।
बाल्की ने कहा, अभिषेक ने एक बार में ही यह दृश्य पूरा कर लिया था। वह अपने पिता को बिना किसी खास प्रयास के विस्तृत क्षेत्र में एक जगह से दूसरी जगह ले गए। हमने यह दृश्य इंग्लैंड में कैम्ब्रिज के निकट बरी सेंट एडमंड्स में फिल्माया था।
अभिषेक अपने पिता को उठाकर आसानी से चल सकें इसलिए इस हरे-भरे स्थान को चुना गया था। इसे चुनने के पीछे शूटिंग के दौरान भारतीय लोगों की भीड़ से दूर रहना भी एक कारण था। जब अभिषेक, अमिताभ को अपनी पीठ पर उठाकर चल रहे थे तो अमिताभ ने कैसा महसूस किया पूछने पर अमिताभ ने चुटकी लेते हुए कहा, मुझे पीठ पर उठाकर चलना अभिषेक का काम था। जया और मैंने एक मजबूत बेटे को पैदा किया है!
अमिताभ ने कहा, फिल्म में 12 वर्षीय बच्चे का किरदार करने में सबसे थका देने वाला हिस्सा मेकअप वाला था। मुझे हर सुबह बिना हिलेडुले, कुछ खाए बिना और यहां तक कि पानी पिए बिना चार-पांच घंटे तक एक स्थान पर बैठे रहना पड़ता था। सुबह का दृश्य फिल्माने के लिए मुझे पिछली रात के 11 बजे से ही तैयार रहना पड़ता था ताकि अगले दिन शूटिंग का समय होने तक मेकअप पूरा हो जाए।