
नई दिल्ली। बालीवुड की कई फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के बाद जान अब्राहम एक पाकिस्तानी एल्बम में देवदूत के किरदार में दिखाई देंगे। यह एल्बम भारत में सेामवार, 12 मई को रिलीज होने वाला है।
कोई आने वाला है नामक यह एल्बम प्रसिद्ध पाकिस्तानी बैंड स्ट्रिंग्स का है। इसमें देवदूत को एक खूबसूरत लड़की से प्यार हो जाता है और उसे धरती पर परेशानी में देखकर वह इंसान की तरह हमेशा उसके साथ रहने का फैसला करता है।
इस एल्बम की शूटिंग मलेशिया में हुई है। इसमें जान ने हवा में उड़ते हुए अद्भुत स्टंट्स किए हैं। एल्बम के संगीत का आधार 60 व 70 के दशक के ब्रिटिश राक म्यूजिक को बनाया गया है। इसके आठ गानों को फैसल कपाडि़या और बिलाल मकसूद ने लयबद्ध किया है। गौरतलब है कि स्ट्रिंग्स का कोई एल्बम चार साल बाद आ रहा है।