
नई दिल्ली। राजकुमार गुप्ता अपनी पहली निर्देशित थ्रिलर फिल्म आमिर में मुख्य भूमिका निभा रहे कहीं तो होगा के चर्चित टीवी कलाकार राजीव खंडेलवाल की प्रशंसा करते नहीं थकते। वह कहते हैं कि पहली मुलाकात में राजीव के स्टारडम से वह अंजान थे। गुप्ता ने कहा, मैं बहुत ज्यादा टीवी नहीं देखता। पहली बार जब राजीव से मिला तो उनके स्टारडम के विषय में नहीं जानता था। बातचीत के क्रम में मुझे महसूस हुआ कि वह एक नेकदिल इंसान के साथ-साथ बेहतरीन कलाकार भी हैं। उल्लेखनीय है कि 6 जून को रिलीज के लिए तैयार इस फिल्म में लंदन के एक युवा चिकित्सक के मुंबई की गंदी गलियों में पहुंच जाने की कहानी है।
निर्देशक और राजीव के साथ सिनेमेटोग्राफर अल्फोंस राय व संगीतकार अमित त्रिवेदी की भी यह पहली फिल्म है। यूटीवी के सेकेंड मोशन पिक्चर कंपनी के स्पॉट ब्वॉय भी इस फिल्म के जरिए पहली बार निर्माण में उतरे हैं। इतने सारे नए लोगों के साथ फिल्म बनाने के अपने अनुभव को गुप्ता शानदार बताते हैं। उन्होंने बताया कि परदे पर दृश्य को जीवंत बनाए रखने के लिए उनकी टीम ने मुंबई के भिंडी बाजार, क्रॉफोर्ड मार्केट, जैकब सर्कल, बांद्रा मस्जिद और धारावी जाकर छिपे कैमरे से वहां की असली तस्वीर उतारी। शायद ही कोई और ऐसा करने को तैयार होता।