
नई दिल्ली। मॉडल से अभिनेत्री बनी नेहा धूपिया ने कहा कि अब वह अपनी ग्लैमरस छवि से बाहर आना चाहती हैं और गंभीर फिल्मों पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
मुंबई से उन्होंने फोन पर बताया मेरी छवि ग्लैमरस लड़की की रही है। लेकिन कुछ फिल्मों में गंभीर चरित्रों को निभाने के बाद लोग मुझे ग्लैमरस लड़की के रूप में अब और लंबे समय तक नहीं देखना चाहेंगे। जूली से चर्चा में आयी नेहा की बॉलीवुड में ग्लैमरस छवि रही है। लेकिन उन्होंने मिथ्या और दसविदानिया जैसी कुछ गंभीर फिल्मों में भी अपने अभिनय की छटा बिखेरी है।
नेहा ने दावा किया ग्लैमरस कपड़ों में दिखाई देने वाली एक अभिनेत्री गंभीर चरित्रों को भी बखूबी निभा सकती है। गौरतलब है कि अजय देवगन के साथ बिकनी गर्ल के रूप में पहली फिल्म कयामत से नेहा ने फिल्म जगत में कदम रखा था। और उनकी इस छवि को जूली और शीशा ने आगे बढ़ाया।
नेहा की बिना ग्लैमरस छवि वाली पहली फिल्म दिल्ली हाइट्स थी जिसमें उसने कामकाजी महिला का चरित्र निभाया था। इसके साथ ही छुप छुप के, दस कहानियां और मिथ्या में निभाये गये नेहा के अभिनय को आलोचकों की सराहना मिली थी।