
लंदन। दिल की अच्छी सेहत के लिए जूस पीजिए। लेकिन जूस सेब का हो या फिर अंगूर का। अंगूर हरे नहीं, बल्कि बैंगनी वाले। एक शोध से साबित हुआ है कि सेब या बैंगनी अंगूर का जूस धमनियों को अवरुद्ध होने से बचाता है और इस तरह दिल को स्वस्थ रखने में कारगर भूमिका निभाता है।
मोंटपेलियर यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के मुताबिक इन फलों का जूस पीने से एथीरोस्केलेरोसिस का खतरा कम हो जाता है। एथीरोस्केलेरोसिस वह स्थिति है जिसमें धमनियों में वसीय प्लाक जमा हो जाता है और धमनियों की दीवारें मोटी व कठोर हो जाती हैं। इसके कारण हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
शोधकर्ताओं ने शोध के दौरान हैम्स्टर [बड़े चूहे की तरह एक जानवर] को फल और जूस के अलावा वसीय भोजन भी दिया। पाया गया कि जिन हेम्स्टर को अंगूर का जूस दिया गया था, उनमें धमनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा कम था।
गौरतलब है कि सेब और अंगूर में एक तत्व फिनाल भी पाया जाता है। बैंगनी अंगूर के जूस में फिनाल सेब की तुलना में ढाई गुना ज्यादा होता है। साथ ही इनमें एंटी-आक्सीडेंट्स के रूप में विटामिन सी और कैरोटीनाइड्स भी पाए जाते हैं। इन फलों या जूस का सेवन शरीर में कोलेस्ट्राल का स्तर घटाने और वसा का जमाव कम रखने में भी काफी मददगार होता है। इससे रक्त के बहाव में कोई रुकावट नहीं आती।