
न्यूयार्क। अफगानिस्तान को तालिबान शासन से मुक्त कराने के बाद अमेरिका वहां की जमीन को अपनी सुविधा के लिए इस्तेमाल करने में जुटा है। कैदियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अमेरिका ने अफगानिस्तान में एक नई जेल के निर्माण की योजना बनाई है।
40 एकड़ क्षेत्र में फैली यह नई जेल काबुल के उत्तर में स्थित अमेरिका के बगराम सैन्य ठिकाने में स्थित एक बेहद छोटी जेल की जगह लेगी। इस जेल में फिलहाल 630 कैदी बंद हैं।
इससे पहले बुश प्रशासन ने कैदियों को अफगानिस्तान के हवाले करने के संकेत दिए थे। इसके लिए उसने कैदियों को काबुल के बाहर स्थित अफगानिस्तान की एक अति सुरक्षा वाली जेल में भेजने की तैयारी कर ली थी। लेकिन, 'न्यूयार्क टाइम्स' में छपी एक खबर के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने अब अपनी योजना बदल दी है।
खबर के मुताबिक नई जेल बनाने का यह निर्णय कैदियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को लेकर अमेरिकी सेना की आलोचना से भी जुड़ा है। बगराम की छोटी सी जेल में सुविधाओं का अभाव है। 2002 में अस्तित्व में आने के बाद से यह जेल अफगानिस्तान में लड़ाई में बंदी बनाए गए लोगों को कैद में रखने की प्रमुख जगह है।
दिसंबर 2002 में यहां दो अफगान कैदियों की मौत भी हो गई थी। तब से हालात कुछ बेहतर हुए हैं लेकिन अभी भी यहां कैदियों के घूमने-फिरने के लिए कोई जगह नहीं है। रसोई और नहाने-धोने की जगह भी बहुत कम है। इन सब समस्याओं को देखते हुए ही अमेरिकी अधिकारी अत्याधुनिक जेल बनाना चाहते हैं। इसमें 600 कैदियों को रखने की क्षमता होगी। इसके निर्माण में छह करोड़ डालर से अधिक का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।