जोहानसबर्ग। जांबिया के राष्ट्रपति लेवी मवानावासा का बृहस्पतिवार को पेरिस के एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे।
जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे के कडे़ आलोचक माने जाने वाले मवानावासा पिछले कुछ दिनों से दिल की बीमारी से पीड़ित थे। दक्षिण अफ्रीका रेडिया ने जांबिया उच्चायोग के हवाले से बताया कि मवानवासा का निधन आज सुबह पेरिस के पर्सी अस्पताल में हुआ। लेकिन वहीं पेरिस में सेना चिकित्सा सेवा के प्रवक्ता ने यह कहते हुए मवानावासा के संबंध में कोई बयान देने से इनकार कर दिया कि सेना कभी भी किसी व्यक्ति के सैनिक अस्पताल में मौजूद होने या नहीं होने के बारे में सार्वजनिक रूप से बयान नहीं देती।
मवानावासा मुगाबे और जिम्बाब्वे के विपक्षी नेता स्वांगीराई के बीच राजनीतिक गतिरोध दूर करने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे थे। अफ्र ीकी यूनियन सम्मेलन में शिरकत कर लौटने के दौरान मवानावासा की तबियत अचानक खराब हो गई थी और उन्हें तत्काल मिस्त्र के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां से बाद में उन्हें पेरिस भेज दिया गया था।