
लंदन। मां के दूध पर निर्भर रहने वाले बच्चों को भी अलग-अलग स्वाद का अहसास कराया जा सकता है। एक शोध से पता चला है कि स्तनपान कराने वाली मां अपने भोजन में परिवर्तन कर दूध के स्वाद में बदलाव ला सकती है। इस तरह बच्चा अलग-अलग स्वाद का मजा ले सकता है और आगे चल कर हर तरह के स्वाद वाली चीज पसंद से खा सकता है।
कोपेनहेगन विश्वविद्यालय में हुए इस शोधके अनुसार, दूध पिलाने वाली माएं अपने दूध में बनाना शेक, शाहजीरा, मेंथाल आदि का स्वाद विकसित कर सकती हैं। इसके लिए उन्हें अपने लाडले को स्तनपान कराने के एक घंटा या उससे भी कम पहले उस स्वाद वाला फल खाना होगा। शोधकर्ताओं का दावा है कि बच्चे को दूध के स्वाद में परिवर्तन कर अलग-अलग स्वाद का अहसास कराने का लाभ यह होगा कि वह बड़ा होकर उस स्वाद वाली चीजों को खाना पसंद करेगा।
प्रमुख शोधकर्ता हेलेन हाउसनर का कहना है कि इसका मतलब यह नहीं निकालना चाहिए कि मां यदि सेब खाती है तो बच्चा स्तनपान करते समय यह सोचेगा कि वह सेब खा रहा है। इसका मतलब यह है कि बच्चे में दूसरे खाद्य पदार्थो का स्वाद ग्रहण करने की आदत पड़ेगी और बड़ा होकर अन्य चीजें भी वह चाव से खाएगा।