
शिकागो। वसा को मोटापे का कारण मानने वालों को अब अपनी धारणा बदलनी पड़ेगी। अमेरिकी शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि वसा भी अच्छी और बुरी होती है। शोधकर्ताओं के अनुसार अच्छी वसा यानी ब्राउन फैट कोशिकाएं ऊर्जा को जलाती हैं और शरीर को गर्म रखती हैं। शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि इनका उपयोग मोटापे से छुटकारा पाने के लिए किया जा सकता है।
बोस्टन स्थित डेन-फार्बर कैंसर संस्थान के शोधकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने अपने शोध के दौरान मांसपेशियों की अपरिवक्व कोशिकाओं को ब्राउन फैट सेल में बदलने के लिए एक आणविक स्विच का इस्तेमाल किया। उनका मानना है कि ब्राउन फैट परंपरागत सफेद वसा कोशिकाओं से अधिक उपयोगी हैं।
इस शोध से जुड़ी बोस्टन के जोसलिन डायबिटीज सेंटर की एक अन्य टीम ने पाया कि हड्डियों के बढ़ने के लिए आवश्यक प्रोटीन चूहों में ब्राउन फैट टिश्यू बढ़ाने में सहायक हैं। बहरहाल, शोधकर्ता इस बात को लेकर सहमत हैं कि ब्राउन फैट से ऊर्जा मुक्त होती है जबकि पारंपरिक सफेद वसा ऊर्जा को शोषित करती है। शोधकर्ता अब मोटापे से पीड़ित लोगों के शरीर में कैलोरी को जलाने वाली ब्राउन फैट पैदा कर उनका वजन कम करने पर विचार कर रहे हैं। इस शोध से जुड़े ब्रुश स्पिीगलमैन ने बताया कि वे अब उस जीन की खोज कर रहे हैं जो इन ब्राउन फैट कोशिकाओं को सक्रिय करते हैं।