वाशिंगटन। ग्लोबल वार्मिग को लेकर भले ही पूरी दुनिया में चिंता व्याप्त है लेकिन भविष्य में इससे एक देश को जबरदस्त फायदा मिल सकता है। अमेरिकी खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 2025 तक ग्लोबल वार्मिग की वजह से रूस की अर्थव्यवस्था को जबरदस्त उछाल मिल सकती है और वह एक बार फिर महाशक्ति के रूप में उभर सकता है। पूर्वी और मध्य यूरोपीय देशों में संगठित अपराध बढ़ेगा जबकि अमेरिकी डालर के वर्चस्व में गिरावट आएगी।
अमेरिकी नेताओं को उभरती समस्याओं और चुनौतियों के बारे में जानकारी देने के लिये नेशनल इंटेलिजेंस काउंसिल नियमित रूप से इस तरह की रिपोर्ट प्रकाशित करता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गर्म होते वायुमंडल से रूस में कृषि सीजन बढ़ जाएगा। साथ ही सुदूर उत्तर में स्थित तेल भंडारों तक उसकी पहुंच हो जाएगी। इससे उसकी अर्थव्यवस्था को जबरदस्त मजबूती मिलेगी। हालांकि ऊर्जा के क्षेत्र में कम निवेश, भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के बढ़ते ग्राफ के कारण उसके महाशक्ति बनने में बाधा आ सकती है।
रिपोर्ट में अगाह किया गया है कि पूर्वी और मध्य यूरोप में संगठित अपराध के बढ़ते प्रभाव से वहां की सरकारों की चूलें हिल जाएंगी। वहीं अफ्रीकी और दक्षिण एशियाई देशों में सुरक्षा और संसाधनों पर भारी दबाव के चलते अराजकता का माहौल होगा। अरब मुल्क और पश्चिम एशिया के बाहर के मुस्लिम देशों का भू-राजनीतिक उभार हो सकता है। बड़ी शक्ति बन कर उभरने वाले इन मुस्लिम देशों में तुर्की और इंडोनेशिया शामिल होंगे। नई विश्व व्यवस्था में ये देश केंद्रीय भूमिका निभाएंगे। नई विश्व व्यवस्था में ईरान भी महत्वपूर्ण हो सकता है। यदि वह धार्मिक शासन की अपनी राह को छोड़ दे। रिपोर्ट के मुताबिक तेल पर देशों की निर्भरता खत्म होगी और अन्य राष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डालर के वर्चस्व में कमी आएगी।