समाचार

अगर हिम्मत है तो नीचे देखो!

Jul 03, 08:45 pm
  Print

शिकागो। यदि आप ऊंचाई से डरते हैं तो फिर यह आपके लिए नहीं है। दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंगों में एक शिकागो के सीयर्स टावर पर आजकल रोमांच की एक नई कहानी लिखी जा रही है। बिल्डिंग की 103वीं मंजिल की बालकनी पर हवा में लटकता हुआ एक प्लेटफार्म बनाया गया है। और उस प्लेटफार्म पर कांच के चार बक्से लगाए गए हैं। यह ऊंचाई करीब 1,353 फीट है।

10 फीट चौडे़ व ऊंचे इन प्लेटफार्मो को नाम दिया गया है 'द लेज' [कगार]। पांच टन वजनी इन प्लेटफार्मो में 1.5 इंच मोटा कांच लगाया गया है। सीयर्स टावर के मालिक जान ह्वस्टन के मुताबिक इन्हें बनाने का मकसद है लोगों को यह एहसास कराना जैसे वे शहर के ऊपर उड़ रहे हों।' भयावह होते हुए भी इसका मजा उठाने के लिए खूब भीड़ उमड़ रही है। इनमें बच्चे और बूढ़े भी शामिल है।

बिशप [कैलिफोर्निया] से आई मार्गरेट कैंप के लिए यह कभी न भूल पाने वाला अनुभव रहा। उनके शब्दों में, 'इसे बयान करना मुश्किल है। ऐसा लग रहा था मैं बर्फ पर चल रही हूं।' लेकिन बच्चों की मौज हो गई है। कुछ बाक्स के फर्श पर लेटकर आसमान में लेटे होने का एहसास कर रहे हैं तो कुछ शहर को यूं निहार रहे हैं मानों अपना घर ढूंढ रहे हों। 10 वर्षीय इलिनायस ने बताया, 'पहले तो डर लगा। लेकिन फिर मजा आने लगा। मैं इतनी ऊंचाई पर था कि बादल भी हमसे नीचे थे।' वैसे दुनिया की सबसे ऊंची इमारत दुबई की 'बुर्ज दुबई' है। उसकी ऊंचाई 2,684 फीट है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति