समाचार

जैक्सन के अंतिम संस्कार पर संशय

Jul 03, 10:59 pm
  Print

लास एंजिलिस। माइकल जैक्सन की नियति थी विवादित रहना। और अब मौत के बाद भी विवादों से पीछा छूटता नहीं दिख रहा। मंगलवार, सात जुलाई को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसी दिन लास एंजिलिस के स्टेपल्स सेंटर में उनके लाखों प्रशंसकों के लिए शोक सभा का आयोजन भी किया जा रहा है। जैक्सन परिवार की प्रवक्ता ने बताया कि शोकसभा में शामिल होने के उनके 11 हजार प्रशंसकों को मुफ्त टिकट दी जाएगी। लेकिन लगता है इन समारोहों पर उनके बच्चों के संरक्षण के लिए शुरू होने जा रही मुकदमेबाजी की काली छाया पड़ चुकी है।

माइकल की पूर्व पत्नी डेबी रोव ने तलाक के बाद कोर्ट में दोनों बच्चों माइकल जोसफ और पेरिस माइकल कैथरीन पर अपना दावा छोड़ दिया था। लेकिन अब वह उन्हें वापस चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने अदालत में जाने का फैसला किया है। निश्चित रूप से इसकी वजह जैक्सन की करोड़ों की संपत्तिऔर वसीयत है। 2002 में तैयार की गई माइकल की वसीयत में डेबी का नाम नहीं है। इसमें माइकल ने अपने तीनों बच्चों का कानूनी तौर पर अभिभावक अपनी मां कैथरीन को बनाया है। फिलहाल अस्थायी तौर पर उनके बच्चों की जिम्मेदारी उनकी मां के पास है। रोव ने 1996 में जैक्सन से शादी की थी। तीन साल बाद दोनों का तलाक हो गया था।

1.27 लाख में नीलाम हुई तस्वीर

माइकल जैक्सन की स्वहस्ताक्षरित 'द जैक्सन फाइव' नाम की ब्लैक एंड ह्वाइट तस्वीर अनुमान से पांच गुना ज्यादा कीमत 1,625 पौंड में नीलाम हुई है। तस्वीर में पांचों भाई जैकी, टीटो, जेरमाइन, मार्लोन और माइकल मौजूद हैं।

आखिरी रिहर्सल का वीडियो जारी

जैक्सन की कमबैक प्रोग्राम को प्रमोट कर रहे एईजी लाइव ने उनकी मौत से दो दिन पहले शूट किया रिहर्सल वीडियो जारी किया है। डेढ़ मिनट के वीडियो में जैक्सन शिद्दत से मून वाक और स्पिन स्टेप की प्रैक्टिस कर रहे हैं। वीडियो क्लिप में जैक्सन को एक गिटार वादक और आठ कलाकारों के साथ अपने हिट गाने 'बिली जीन' की धुन पर नाचते हुए दिखाया गया है।

पिता को मौत का नहीं है गम

माइकल जैक्सन की मौत से उनके लाखों प्रशंसक सदमे में है, लेकिन लगता है उनके पिता जो को इस बात का कोई दुख नहीं है। बेटे की मौत के बाद एक टीवी समारोह में देखे गए जो काफी खुश दिखाई दिए। जैक्सन और उनके पिता में हमेशा छत्ताीस का आंकड़ा रहा। अपनी वसीयत में भी उन्होंने जो का कोई जिक्र नहीं किया है। माइकल ने कई मौकों पर स्वीकार किया था कि उनके पिता उन्हें चिढ़ाते और बात-बात पर पिटाई किया करते थे।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति