
मास्को। रूस में हीरे के खदान वाले याकुतिया क्षेत्र के मिर्नय हवाईअड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर बाद रूस के एक मालवाहक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल से सभी 11 सदस्यों की मौत हो गई।
स्थानीय आपदा एजेंसी के प्रवक्ता नादेझद दोवरेत्काय ने कहा कि हवाईअड्डे से दो किलोमीटर की दूरी पर विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। प्रवक्ता ने बताया कि इल्युशिन दो-76 नामक विमान रूस के आंतरिक मंत्रालय का था। इसमें न तो कोई सामान था और न ही कोई यात्री। हादसे में मारे गए चालक दल के सदस्यों के जले शवों और विमान के रिकार्डर को बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान के गिरने से जमीन पर किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने रूसी सेना का एक अन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।