
हवाना। क्यूबा की सरकारी मीडिया ने 83 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो की बहन जुआनिता की किताब की जमकर आलोचना की है। हाल ही में प्रकाशित अपनी किताब में जुआनिता ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए [सेंट्रल इंटेलीजेंस एजेंसी] के लिए जासूसी करने की बात स्वीकारी थी।
'ला जिरिबिला' पत्रिका की दलीलों के मुताबिक 'फिदेल पर लगाए आरोप इस बात को साबित करते हैं कि वह लंबे समय तक अमेरिका के निशाने पर रहे। एक ऐसे व्यक्ति जिनके खिलाफ हमेशा षड़यंत्र होते रहे।' 78 वर्षीय जुआनिता ने स्पेनिश में लिखी किताब 'फिदेल एंड राउल, माई ब्रदर्स: द सीक्रेट हिस्ट्री' में अमेरिका के लिए जासूसी करने की बात कही है।
पिछले हफ्ते बाजार में आई इस किताब में जुआनिता ने लिखा है कि, '1960 के दशक के दौरान वह सीआईए के साथ काम कर रही थीं।' यह वही समय था जब अमेरिका फिदेल कास्त्रो को खत्म कर क्यूबा में साम्यवादी सरकार को उखाड़ने की कोशिशों में जुटा था। वर्तमान में जुआनिता अमेरिका के मियामी में रह रही हैं।
उन्होंने बताया, फिदेल व राउल से संबंध खत्म होने के बाद 1964 में सीआईए ने उनसे संपर्क किया था। वह क्यूबा में रहते हुए व निर्वासन में बाहर रहते हुए भी सीआईए के लिए काम करती रहीं।