
लंदन । पुरुषों में बालों का गिरना एक सामान्य समस्या है। कुछ महिलाओं में भी रजोनिवृत्तिके बाद बाल झड़ने की समस्या सामने आती है। हालांकि किसी-किसी व्यक्ति में कम उम्र में ही बाल गिरने लगते हैं। कहा जाता है कि बालों का गिरना व्यक्ति के आत्मविश्वास पर असर डालता है। लेकिन जानकारों की राय में यह खुद लोगों द्वारा बनाई गई धारणा है।
क्यों झड़ते हैं बाल
शोधकर्ताओं के अनुसार बाल गिरने के 80 फीसदी मामले वंशानुगत होते हैं। ऐसे दो जीन की खोज की जा चुकी जिनके कारण बालों का गिरना 7 फीसदी तक बढ़ जाता है। इनसे 14 फीसदी व्यक्ति प्रभावित होते हैं। बालों के गिरने का एक कारण डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरान [डीएचटी] हार्मोन का अतिसक्रिय होना है। डीएचटी का निर्माण पुरुष हार्मोन टेस्टोस्टेरान से ही होता है। ंबालों को गिरने से रोकने के लिए अभी तक कोई खास तरीका ईजाद नहीं किया गया है। हालांकि बाजार में ऐसी तमाम दवाएं उपलब्ध हैं जो बालों को गिरने से रोकने व नए बाल पैदा करने का दावा करती हैं।
सिर में लगाने का मरहम
दवा कंपनियों का दावा है कि सिर में लगाने का एक मरहम बालों को गिरने से रोकता है। हालांकि यह पता नहीं है कि यह काम कैसे करता है। अध्ययनकर्ताओं ने अपनी जांच में पाया कि इसे प्रयोग करने वाले 50 फीसदी लोगों में बालों का गिरना कम हो गया था।
फिनास्टेराइड
फिनास्टेराइड मुख्यत: टेस्टोस्टेरान को डीएचटी में बदलने से रोकता है। डीएचटी को ही बालों के झड़ने के लिए जिम्मेदार माना जाता है। दवा लेने वाले 80 फीसदी लोगों में बालों का गिरना कम देखा गया।
बालों का प्रत्यारोपण
बालों को सिर में रोपने का काम ठीक ढंग से किया जाए तो प्रत्यारोपित बाल, प्राकृतिक बालों जैसे ही लगते हैं। प्रत्यारोपण सही हुआ है या नहीं, इसका पता करीब एक साल में लगता है।
प्रत्यारोपण के लिए रखें ध्यान
प्रशिक्षित डाक्टर से ही बालों का प्रत्यारोपण कराएं
अपने डाक्टर को बाल प्रत्यारोपण कराने का मकसद और उससे जुड़ी हुई सारी जानकारियां दें। डाक्टर से इस बात की जानकारी ले लें कि इस पूरी प्रक्रिया में कितना वक्त लगेगा व उससे बालों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
यदि कोई कहता है कि बाल प्रत्यारोपण से कोई खतरा नहीं है या इसकी सफलता की 100 फीसदी गारंटी है, तो उसकी बात पर विश्वास न करें। सारे दावों के बावजूद बाल झड़ना रोकने के कुछ ही इलाज ऐसे हैं जो कारगर साबित होते हैं।
फिलहाल वैज्ञानिक ऐसी बाल कोशिकाओं पर काम कर रहे हैं जिन्हें सिर पर रोपा जा सकेगा।